उन दिनों कैसेट का प्रचलन खूब जोर-शोर से था। गीतों के व परम पूज्य गुरुदेव के प्रवचनों के कैसेट तैयार किये जा रहे थे। कैसेट के इनले कार्ड में परम पूज्य गुरुदेव का चित्र देने का निर्णय हुआ। जब वं० माताजी को एक नमूना दिखाया गया तो वं० माताजी ने कैसेट को उलट-पलट कर देखा और बोलीं, ‘‘बेटा! मुझे और गुरुजी को कभी अलग मत समझना।’’ फिर बोलीं, ‘‘बेटा, आने वाले समय में दुनिया अपनी समस्याओं का समाधान मेरे गीतों में और पूज्य गुरुजी के प्रवचनों में ढूँढ़ेगी।’’ - वं० माताजी
मित्रो! मैं व्यक्ति नहीं विचार हूँ।.....हम व्यक्ति के रुप में कब से खत्म हो गए। हम एक व्यक्ति हैं? नहीं हैं। हम कोई व्यक्ति नहीं हैं। हम एक सिद्धांत हैं, आदर्श हैं, हम एक दिशा हैं, हम एक प्रेरणा हैं।.....हमारे विचारों को लोगों को पढ़ने दीजिए। जो हमारे विचार पढ़ लेगा, वही हमारा शिष्य है। हमारे विचार बड़े पैने हैं, तीखे हैं। हमारी सारी शक्ति हमारे विचारों में समाहित है। दुनिया को हम पलट देने का जो दावा करते हैं, वह सिद्धियों से नहीं, अपने सशक्त विचारों से करते हैं। आप इन विचारों को फैलाने में हमारी सहायता कीजिए। - पूज्य गुरुदेव
गायत्री मंत्र हमारे साथ-साथ,
ॐ भूर्भुवः स्वः तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो नः प्रचोदयात्।
देवियो! भाइयो!!
भगवान के अवतार समय-समय पर हुए हैं और जब, जिस काम के लिए जरूरत पड़ी है, तब-तब उसी काम के लिए उन्होंने अवतार उसी तरह के धारण किये हैं। यह समय इस तरह का है कि इसमें आस्था-संकट छाया हुआ है। सब जगह आस्थाएँ कमजोर पड़ गयी हैं। आदर्शों के लिए कहिए, उत्कृष्टताओं के लिए कहिए सबके लिए, आस्थाएँ कमजोर पड़ने की वजह से जो आदमी काम कर रहा है, चिन्तन कर रहा है, वह गलत कर रहा है। उसका निवारण करने के लिए भगवान का नया अवतार होना चाहिए। यह प्रज्ञा अवतार होगा। निष्कलंक भी इसी को कहते हैं। दसवाँ अवतार या चौबीसवाँ अवतार—निष्कलंक अवतार है, जिसे ‘प्रज्ञा अवतार’ भी कहते हैं। प्रज्ञा दूरदर्शिता, विवेकशीलता को कहते हैं। केवल यही निष्कलंक है और सबमें कलंक लगा हुआ है। इसलिये यह महाप्रज्ञा के अवतार का जो समय है, इसको आप बहुत महत्त्वपूर्ण मानें और इसी का स्मरण करें। अपनी उपासना में इसी का समावेश करें।
गायत्री को त्रिपदा कहा गया है। सरस्वती, काली, लक्ष्मी इसके ही भीतर आ जाती हैं। ब्रह्मा, विष्णु, महेश भी इसी के अन्तर्गत आ जाते हैं। यह आदिशक्ति है। ब्रह्मा जी को तप करके सारे विश्व को सृष्टि को बनाने के लिए जो शक्ति मिली थी, इसी के द्वारा मिली थी। अब यही महाप्रज्ञा आदिशक्ति गायत्री के रूप में नया अवतार ग्रहण कर रही है, आस्था-संकट का निवारण करने के लिए। कैसे होगा यह अवतार? आपको मालूम है न कि सीताजी का जन्म क्यों हुआ था? रावण को मारने के लिए जब सीताजी की जरूरत थी, तब ऋषियों ने अपना रक्त एकत्र करके एक घड़े में बन्द किया था; उसे जमीन में गाड़ दिया था। राजा जनक ने उस घड़े को निकाला और सीताजी का जन्म हुआ। दुर्गा का अवतार कैसे हुआ, आपको मालूम है? सब-के देवता इकट्ठे होकर प्रजापति के पास गये और प्रजापति से कहा—अब ये दैत्य हमसे सँभालने में नहीं आते। आप ही कोई तरकीब बताइये। उन्होंने कहा कि तुम सबकी शक्ति को इकट्ठा करके अभी हम दुर्गा का अवतार करेंगे और वह सारे दैत्यों का संहार कर देगी।
भगवान सबको समान मानते हैं। आप भी उसमें शामिल हैं और जो नहीं आये हैं, वे भी शामिल हैं। सब मिलकर के एक ऐसी सामूहिक उपासना करेंगे—प्रज्ञा की, महाप्रज्ञा की, आदिशक्ति की, जिससे इस समय का जो आस्था-संकट है और जिसने सारे-के विश्व को अस्त-व्यस्त कर रखा है, उसका निवारण किया जा सकना सम्भव हो सके। कैसे करना चाहिए? क्या करना पड़ेगा इसके लिए? इसका नाम प्रज्ञायोग रखा है, हमने क्योंकि इसमें कई चीजें शुमार हैं। इसलिए प्रज्ञायोग, योग की साधना हम सब लोगों को करनी चाहिए। प्रज्ञायोग क्या है? प्रज्ञायोग में ज्ञान, कर्म और भक्ति की, जिनको आप सरस्वती, लक्ष्मी, काली कहते हैं—ये तीनों शक्तियाँ शामिल हैं; जिन्हें आप ब्रह्मा, विष्णु, महेश कहते हैं, तीनों ही चीजों का इसमें समावेश है। यह आपको करना पड़ेगा। कैसे करना पड़ेगा? चलिये, आप लोग नोट करते जाइये इनको या फिर ध्यान में रखिये; छपा हुआ भी है। प्रज्ञायोग कैसे करना चाहिए? प्रज्ञायोग का पहला चरण है कि आप चारपाई पर इसे करें; चारपाई पर पड़े हुए। जब सबेरे उठें, तो उठने से पहले, जमीन पर पैर रखने से पहले आप यह विचार करें कि हमारा नया जन्म हुआ है और आज हम नया जन्म ले रहे हैं। रात में जब आपका बिस्तर लगे और जब आप सोने की तैयारी करें, उस समय आप इस तरीके से करें कि हमारा आज मृत्यु का दिन आ गया और अब हम भगवान की गोदी में जा रहे हैं। चौरासी लाख योनियों में घूमने के बाद मनुष्य का जन्म बड़ी मुश्किल से मिलता है। आप यह विचार कीजिए कि हम अच्छे-से आज का उपयोग करेंगे। आज का दिन बेकार नहीं जाने देंगे और रात को जब आप सोएँ, तब आप समझिये कि आज का दिन, आज का जन्म खत्म हुआ। आज की बातों की समीक्षा कीजिये। सबेरे प्रातःकाल सारे दिन की स्कीम बनाइये कि आज हमको करना क्या है? और शाम को इसकी समीक्षा कीजिये कि हमने कोई गलती तो नहीं की है और की है तो उसका सुधार कैसे होना चाहिए और परिमार्जन कैसे होना चाहिए? सुबह और शाम को यह आपका प्रातःकालीन, संध्याकालीन क्रम होना चाहिए।
इस तरह सायंकालीन संध्या आपकी, बिस्तर पर ही होनी चाहिए। बिस्तर के बाद कर्मयोग का नम्बर आता है। कैसा कर्मयोग? कर्मयोग का जवाब यह है कि आपको करना क्या है? यह तो केवल विचार हुआ। ज्ञान कहते हैं—विचार करने को और कर्मयोग कहते हैं—काम करने को। काम करने में क्या करना है? आप स्नान करके, कपड़े बदलकर, झाड़ू लगा करके, अपने पूजा के सारे सामान को साफ करके बैठिए। सबसे पहला काम शुद्धता है। अगर आपका मन शुद्ध है, शरीर शुद्ध है, जीवन शुद्ध है, आजीविका शुद्ध है, तो समझना चाहिए कि आपकी उपासना की शुरुआत हुई और यदि आपका मन गन्दा है, आपका शरीर भी गन्दा है, आपकी कमाई भी गन्दी है। आपके विचार भी गन्दे हैं, तो आप समझिए कि आप जो पूजा कर रहे हैं, उसका परिणाम नहीं मिलेगा। इसलिए शुद्धता पहला काम है। शुद्धता के लिए कुछ विधियाँ बताई गयी हैं। कौन-कौन विधियाँ हैं? पवित्रीकरण है, आचमन है, प्राणायाम है, न्यास है—ये आपने हमारी सब पुस्तकों में पढे़ होंगे। इन सब क्रियाओं का मतलब यह होता है कि आप अपने मन को, अपने वचन को, अपनी वाणी को, अपनी क्रियाओं को और अपने इष्ट-चिंतन को, इन्द्रियों को, सबको पुनीत बना रहे हैं, पवित्र बना रहे हैं। जो मलीनताएँ उनके अन्दर छायी हुई होंगी उनको हम निकालेंगे। न्यास का अर्थ यही होता है कि हमारी जो इन्द्रियाँ हैं पाँचों— इनका उपयोग हम ठीक तरीके से करेंगे, अच्छे काम में करेंगे, गलत या गन्दे रूप में नहीं करेंगे। प्राणायाम का अर्थ होता है कि जो साँस हम लेंगे, तो हमारी वह हर साँस इस तरीके से चलेगी कि इसमें कहीं कोई कमी और खामी न हो। इसी तरीके से जो आप सारे शरीर के ऊपर जल छिड़कते हैं, तीन बार आचमन करते हैं, उसका भी अर्थ यह है कि हमारे मन, वचन और कर्म तीनों ही स्वस्थ बनेंगे। इसके लिए सबसे पहले उपासना की आवश्यकता होगी।
इसके बाद में आपको देवपूजन करना पड़ेगा। देव-पूजन किसका? भगवान का? भगवान तो निराकार है; मगर पूजा के समय पर उनको साकार बनाया जाता है। गायत्री का कोई चित्र आपने रखा हो, कोई मूर्ति रखी हो, कुछ-न तो आपको रखना ही पड़ेगा। बिना प्रतीक, पूजा नहीं हो सकती। प्रतीक-पूजा होना आवश्यक है। भगवान निराकार है, तो साकार भी तो है। आपने हमें शरीर में देखा है तो हम यह शरीर थोड़े ही हैं। हम तो जीवात्मा हैं। उसको आपको दिखाएँ? नहीं दिखाएँगे आपको। वह तो निराकार है। गायत्री माता की मूर्ति या चित्र जो भी आपने रखा हो, उसके सामने पाँच चीजों से पूजन किया जाता है। पाँच चीजें क्या हैं? वैसे सोलह चीजें भी हैं। जल एक, अक्षत दो, धूप या सुगन्ध तीन, पुष्प चार और मीठा प्रसाद पाँच। वे क्यों? उनको फूलों की जरूरत क्यों पड़ गई? भगवान् को जरूरत नहीं पड़ गई। आपको स्मरण दिलाया गया है कि भगवान् की आपकी पूजा तब सार्थक मानी जाएगी, जब आप इन चीजों को प्रतीक मानकर के अपना जीवन भी उसी तरीके का बनाएँ। जल सरस होता है, प्रवाही होता है। आपको सरस होना चाहिए, जल के समान कोमल होना चाहिए। अक्षत? अक्षत का मतलब यह है कि जो आप कमाते हैं, उसमें से एक अंश भगवान के लिए लगाइये। धूप? चाहे आप धूप जलाएँ चाहे अगरबत्ती जलाएँ, दीपक जलाएँ, कुछ भी जलाएँ, सुगन्ध जलाएँ तो आपका जीवन चन्दन के तरीके से सुगन्ध फैलाने वाला हो। फूल? फूल कैसा कोमल होता है। कैसा सुन्दर होता है? आपका जीवन ऐसा सुन्दर होना चाहिए और भगवान के चरणों पर चढ़ना चाहिए। याचक की सार्थकता इसमें है कि वह भगवान के चरणों पर चढ़े, गले में पड़े। आपका जीवन ऐसा होना चाहिए। मिठास या मीठा? कोई मीठी चीज भगवान को खिलाते हैं, नमकीन नहीं। इसका अर्थ यह होता है कि आपकी वाणी, आपका व्यवहार ऐसा हो, जिसमें मिठास ही मिठास भरी हो। जब आप किसी से बातचीत करें, तो उसमें मिठास भरी हो। जब आप कोई व्यवहार करें, तो ऐसा व्यवहार करें, जिसमें मिठास भरी हुई हो। इस तरीके से देव-पूजन में पाँचों चीजों का मतलब यह होता है कि हम स्वयं शिक्षा ग्रहण करें उनसे। ऐसा नहीं है कि भगवान को इनकी आवश्यकता है। धूपबत्ती आप जलाएँगे नहीं, तो भगवान को कोई मुश्किल आयेगी। दीपक आप नहीं जलाएँगे, तो दिखाई नहीं पड़ेगा। यह मतलब नहीं है। भगवान के लिए नहीं, बल्कि अपनी याददाश्त को सही करने के लिए और अपनी जीवन-क्रिया की माप-तौल करने के लिए, उसका मापदण्ड रखने के लिये ये क्रम लिखे गये हैं।
चलिए, अब इसके बाद क्या करना चाहिए? इतना सब कुछ कर लेने के बाद जप और ध्यान करना चाहिए। जप किसका करना चाहिए? कितना करना चाहिए? गायत्री-मन्त्र का जप करना चाहिए; क्योंकि प्रज्ञा की देवी वही है। कितनी माला करनी चाहिए? तीन-तीन तो कम-से करनी चाहिए। ज्यादा कर सकें, तो आप ज्यादा कर लीजिये। तीन क्यों? तीन इसलिए कि आत्म-परिष्कार के लिए एक। जीवात्मा का नित्य संशोधन हो इसके लिए दो। तीसरी माला वातावरण संशोधन के लिए। इसका उद्देश्य यह है कि जो सारा-का वातावरण गन्दा हो रहा है; उसकी सफाई करने के लिए एक माला और एक यह कि हम और आप मिलकर काम कर रहे हैं। जो मिशन हैं। जो मिशन है—जो प्रज्ञा-अभियान है, उसकी सफलता के लिए। इस तरह प्रज्ञा-अभियान की सफलता के लिए और वातावरण परिशोधन के लिए अपनी जीवात्मा के संशोधन के लिए—एक। तीन मालाएँ तो कम से आपको करनी ही चाहिए। ज्यादा में कोई मनचाही नहीं है। पर कम-से तीन माला तो करनी ही है। यह मिनिमम है। मैक्सीमम—ज्यादा कर सकते हैं आप। ज्यादा के लिए कोई सीमा नहीं है आपके लिए। अच्छा यह गायत्री का जप हुआ। इस तरीके से जप कीजिए कि किसी पास बैठे को सुनाई न पड़े; माला से कर लीजिये, अँगुलियों पर कर लीजिये गिनके। इस तरीके से तीन माला-बन्धन निभाइये। प्रज्ञायोग तीन माला से कम में नहीं होता।
जप के साथ ध्यान करना चाहिए। जप और ध्यान का दोनों का मिला हुआ समन्वय समझना चाहिए। ध्यान किसका करना चाहिए? सविता गायत्री का देवता है। प्रातःकाल के समय पर प्रातःकाल सूरज आपने देखा है न? गायत्री का सूरज इसे ही मानना चाहिए। यूनीवर्सल है यह। गायत्री माता का जो आपने चित्र रखा है, वह तो आप हिन्दू हैं, तो रखा है और अगर आप मुसलमान हैं, तो आप नहीं रखेंगे। इसलिए देव-पूजा तो केवल हिन्दुओं के लिए है और यह जो है, सविता का ध्यान, सविता का ध्यान सबके लिए है, यूनीवर्सल है। मुसलमान धर्म में, ईसाई धर्म में, सब जगह भगवान का प्रतीक प्रकाश को माना गया है, तो सविता प्रातःकाल का निकलता हुआ सुनहरा सूर्य, उसका आप ध्यान करते जाइये, गायत्री का तीन माला जप करने के साथ-साथ में एक और बात उसमें शामिल कीजिए कि सविता-सबेरे का सूर्य-पूर्व दिशा से निकलते हुए सूर्य के सामने आप छोटे बच्चे के तरीके से नंगे बैठे हुए हैं और आपके मन में, आपके शरीर में और आपके अन्तःकरण में, हृदय में तीनों जगह इस सूर्य की किरणें प्रवेश कर रही हैं, शुद्ध कर रही हैं। शरीर में सविता की किरणें जब प्रवेश करती हैं, तो आपको श्रेष्ठ काम करने की प्रेरणा देती हैं और आपके अन्तःकरण में, जिसका स्थान हृदय माना गया है—उसमें सविता की किरणें प्रवेश करती हैं, तो आपके अन्तःकरण को भावनाओं से भर देती हैं; मस्तिष्क को ज्ञान से भर देती हैं। शरीर को बल से भर देती हैं या यह कहिए कि शरीर को श्रेष्ठ कर्म करने के लिए, बुद्धि को श्रेष्ठ चिन्तन करने के लिए और भावनाओं में श्रेष्ठता भरने के लिए ये सविता की किरणें हैं; ये अपना अनुग्रह और अपना अनुदान हमको दे रही हैं—जप करने के साथ-साथ में यह ध्यान करना आवश्यक है। जप करने से पहले देवपूजन चन्दन, अक्षत और पुष्प उसको मिला करके हमारा जीवन इस तरह का हो। फिर इसके बाद में भगवान के अनुग्रह का भाव करना चाहिए। यह प्रतिज्ञा का भाव है। अनुग्रह का भाव है; भगवान ने इस रूप में, सूर्य में सविता के रूप में, तीन अनुग्रह हमको दिये हैं। तीन क्षेत्रों में उसका प्रवेश हुआ है। इस तरह एक माला आत्म-परिष्कार के लिए, एक वातावरण का संशोधन करने के लिए और एक माला यह आपका प्रज्ञा-मिशन है, इसकी सफलता के लिए। चलिये यह आपका जप हुआ।
जप करने के बाद में सूर्य अर्घ्यदान किया जाता है। भगवान को, सूर्य को, जो आपने जल रखा था, उस जल को सूर्य के सम्मुख चढ़ाते हैं। यह किस काम के लिए चढ़ाते हैं? यह समर्पण है। भगवान को, सविता को, सूर्य को समर्पण करते हैं। प्रातःकाल आप जप कर रहे हों, तो आप पूर्व दिशा में जल चढ़ाइए। सायंकाल को आप जप कर रहे हों, तो पश्चिम दिशा में जल चढ़ाइए। सूर्य नारायण को भगवान का प्रतीक मान करके आप अपने आपका समर्पण करते हैं। समर्पण का चिन्ह क्या है? कैसे मानें कि समर्पण किया है किसी ने कि नहीं? अपना सुख बाँटना और दूसरे के दुःखों को बँटाना। किसी के दुःख को आप बँटाते हैं और सुखों को आप लाकर के देते हैं, तो हम मानेंगे कि समर्पण आपने किया है सूर्य भगवान को। पूजा-उपासना करने के पीछे, यह भावना करनी चाहिए। क्या करना चाहिए? पूजा-उपासना के बाद में आप जल चढ़ाएँ और साथ-साथ में यह भावना करें कि भगवान को, अर्थात् भगवान् के संसार को हम अपने सुखों को बाँटेंगे और संसार में अर्थात् भगवान् का विराट् रूप है, विराट विश्व है इसमें जो दुःख फैले हुए हैं, उनको घटाने के लिए हम कोशिश करेंगे। सूर्य अर्घ्य देते समय यही भावनाएँ होनी चाहिए। हमारे पास जो सम्पदा है, वह जल के रूप में भगवान के चरणों पर गिरे और वह फैल करके सारे वातावरण में फैल जाए—यह भावना सूर्य अर्घ्य की है।
अब एक बात और रह जाती है और वह है ‘तप’। इस बात पर आपको विशेष रूप से ध्यान देना है और गौर करना है। रविवार के दिन या गुरुवार के दिन, दो में से कोई एक दिन चुन लीजिये। सप्ताह में एक दिन तो तप करना ही चाहिए। वैसे तो रोज ही करना चाहिए आदमी को; पर अगर रोज नहीं कर सकता, तो कम-से एक दिन अवश्य करना चाहिए। रविवार और गुरुवार में से आपको जो ठीक पड़ता हो, उसे चुन लें। छुट्टी वाले दिन प्रायः लोग पकौड़े-कचौड़े बनाते रहते हैं, मित्र, यार-दोस्त आते रहते हैं उस दिन और कोई दिन अच्छा होता हो, ऐसा मालूम पड़ता हो आपको, तो उस दिन भी कर सकते हैं; लेकिन एक दिन आपको तप का अभ्यास अवश्य करना चाहिए, अपने आपको तपाने का। तपाने से ईंटें पक्की हो जाती हैं। तपाने से सोना साफ हो जाता है। तपाने से लोहा साफ हो जाता है। तपाने से पानी की स्टीम बन जाती है। अपने आपको तपाना आवश्यक मानिये। यह तो था भगवान का योग और अब शुरू होता है—तप। तप में क्या काम करना चाहिए? तप का आपको प्रतीक बताता हूँ। थोड़ा-थोड़ा कर लीजिये। उसका सिद्धान्त आपको याद रहना चाहिए। सिद्धान्त आप भूल जाएँगे, तो मुश्किल पड़ेगी। एक तो है—अस्वाद व्रत का परिपालन। आप उसे एक समय का ही रखिये; अगर दोनों समय आपके लिए संभव नहीं है तो एक समय स्वाद का त्याग कीजिए। नमक और शक्कर दोनों चीजों का त्याग करने का मतलब यह है कि आपने स्वाद पर विजय प्राप्त कर ली, जिह्वा इन्द्रिय पर विजय प्राप्त कर ली। जिह्वा इन्द्रिय पर ध्यान रखिये। आपको डुबो देने वाली, आपको परेशान करने वाली, हैरान करने वाली, यह इन्द्रिय बड़ी खराब है। आगे से आप जब कोई जप करेंगे, तप करेंगे, कोई मन्त्र का उच्चारण करेंगे, तो ध्यान रखेंगे। इसलिए पहला काम है—जीभ पर कण्ट्रोल करना। वाणी पर कण्ट्रोल करना चाहिए; लेकिन खाने पर तो करना ही चाहिए, एक समय नमक मिलाइये, तब ज्यादा नहीं खाएँगे; फिर आप पेट के लिए खाएँगे; फिर आप स्वाद के लिए भोजन नहीं करेंगे। तो अस्वाद का अभ्यास हममें से प्रत्येक आदमी को करना चाहिए, चाहे सप्ताह में एक टाइम ही हो। यह एक तप हुआ।
नम्बर दो—वाणी जो हमारी है, इसे हम उच्चारण करते हैं, तो समझ-सोचकर उच्चारण नहीं करते कि हमको क्या कहना है? किससे क्या बात करनी चाहिए? किससे नहीं करनी चाहिए? जो हम कह रहे हैं वह दूसरे के लिए फायदेमन्द है या नुकसानदेह है या दूसरे आदमी का दिल दुखाने वाला है—क्या है, क्या नहीं है? हम कुछ नहीं सोचते। जो मुँह में आता है, अल्लम-गल्लम वही हम बकते रहते हैं। यह न बक करके एक-एक शब्द को समझ-सोचकर बोलना चाहिए। अभ्यास के लिए हमको मौन धारण करने की जरूरत है। दो घण्टे को मौन रहिये आप। तमाम दिन तो मुश्किल है आपके लिए; तमाम दिन कैसे मौन रहेंगे? कभी बोलेंगे, कभी चिट्ठी लिखेंगे, कभी हाथ से लिखेंगे, कभी क्या करेंगे! कभी क्या करेंगे? कम-से दो घण्टे का मौन तो रखिये ही; उस समय रखिये जब लोग, मिलने-जुलने वाले, आपके पास ज्यादा आते-जाते हैं। मौन के लिए सुबह का वक्त ठीक हो सकता है और शाम का वक्त भी ठीक हो सकता है। दिन में आपको अपनी दुकान से टाइम न मिलता हो, तो आप सबेरे-शाम का रख लीजिए। नहीं साहब, हम तो सोया करेंगे, तब मौन रखा करेंगे; रात को सोने में क्या मौन रखना! उस तरह के टाइम पर जिस पर कि लोगों के मिलने-जुलने की सम्भावना हो। घर वाले तो आपसे मिलते ही हैं सुबह, शाम और रात को घर वालों को तो आप बता भी सकते हैं, कह भी सकते हैं, समझा भी सकते हैं, भई! बोलना मत हमसे। यह समय हमारे मौन धारण करने का है। मौन भी एक तप है। हम आजकल मौन का अभ्यास करते हैं। इससे पहले भी ऋषियों ने मौन के अभ्यास किये हैं। वाणी से वाणी का मौन, जिसका अभ्यास करने से वाणी में तेजस्विता आती है। वाणी से हम जो कुछ कहते हैं, उसका दूसरों पर असर पड़ता है; पर जब हमारी वाणी अस्त-व्यस्त है तो किसी पर असर नहीं पड़ेगा। इससे आप संगीत गाएँ, गाना गाएँ, व्याख्यान दें, परामर्श दें, प्रवचन दें, कोई नहीं करेगा वह काम। अतः वाणी हमारी शुद्ध हो—इसके लिए हमको मौन का अभ्यास करना चाहिए। स्वाद का अभ्यास करना चाहिए। इतना ही नहीं, हमारा आहार भी पुनीत हो; आहार को पुनीत करने के लिए आपको अस्वाद का अभ्यास करना चाहिए।
इसके सिवाय दूसरी बात है—ब्रह्मचर्य। ब्रह्मचर्य में दो बातें आती हैं—एक तो शारीरिक संयम। उस दिन, जिस दिन आपको यह व्रत रखना हो, उस दिन आपको ब्रह्मचर्य का पालन करना चाहिए; धर्मपत्नी आपकी है, तो भी करनी चाहिए और धर्मपत्नी नहीं है तो भी करनी चाहिए; धर्मपत्नी नहीं है, तो कैसे करें? वास्तव में ब्रह्मचर्य जो खण्डित होता है, आदमी की कल्पनाओं से होता है। शरीर की कोई बात नहीं है। शरीर में तो स्वप्नदोष भी हो जाते हैं; स्वप्नदोष से पानी का क्षय हो जाना कोई नुकसान का नहीं है, जितना कि हम महिलाओं के सम्बन्ध में गलत दृष्टिकोण रखें। उस दिन आप खासतौर से अपने मन में यह विचार कर लीजिये कि कोई विचार आपके मन में इस तरह का न आये; आये तो इस विचार के ठीक उलटे विचार शुरू कर दीजिये। कोई गन्दा विचार आपके दिमाग में आया है तो, उसके ठीक उलटे विचार शुरू कीजिए। आपके खाने के सम्बन्ध में आता है, तो उन लोगों का ध्यान रखिये, जिन लोगों ने अस्वाद व्रत रखे थे। कामवासना का विचार आया है, तो यह ध्यान रखिये कि हनुमान जी थे, भीष्म पितामह थे, स्वामी दयानन्द थे, शंकराचार्य थे—इन लोगों ने किस तरीके से अपना जीवन जिया; किस तरीके से शक्ति-संग्रह किया? इस बात का विचार कीजिए। विचारों को विचारों से काट दीजिए। विचारों को रोका नहीं जा सकता। एक तरह के विचारों को हटा करके दूसरे तरह के विचारों को उस स्थान पर ले आएँ, तो हमारा विचारों पर कण्ट्रोल करना सुगम हो जाएगा। ब्रह्मचर्य वास्तव में अपने विचारों पर कण्ट्रोल करने की विद्या है। ब्रह्मचर्य माने ‘संयम’। इस तरीके से वाणी का तप और कामेन्द्रिय का तप इन दोनों तपों को करना चाहिए।
तप चार तरह के होते हैं। सारी इन्द्रियों का तप-एक, पैसे का तप-दो, समय का तप-तीन और विचारों का तप-चार। इन्द्रियों की बात हो चुकी। अब दूसरा तप है—पैसे का; आप जो भी पैसा खर्च करें, उसमें एक-एक पैसे को ध्यान में रखिये कि कहीं यह गलत खर्च तो नहीं हो रहा है; कहीं किसी पैसे का आप गलत खर्च तो नहीं कर रहे हैं। हमने दो सौ रुपये महीने में बहुत सारी जिन्दगी काट डाली। यहाँ आने से पहले हम अखण्ड-ज्योति कार्यालय में जितने समय तक रहे हैं, हमने दो सौ रुपये महीने में अपना समय काटा है, पैंतीस साल के करीब हम अखण्ड-ज्योति कार्यालय में रहे हैं। वहाँ भी हमारी गवाहियाँ सुरक्षित हैं, ताकि कोई भी आदमी यह न कहे कि पाँच आदमियों की गृहस्थी दो सौ रुपये में नहीं चल सकती। जरूर चल सकती है। पैसे का संयम कीजिये; पैसे का संयम करेंगे तो बुरे कामों से बच जाएँगे; नशाखोरी से बच जाएँगे, दुर्व्यसनों से बच जाएँगे। अगर पैसे के ऊपर आपका नियंत्रण नहीं है और मनचाहे जिस तरीके से पैसा खर्च करते हैं, तो फिर आपके अन्दर नब्बे बुराइयाँ पैदा हो जाएँगी और उनको फिर आप रोक नहीं पाएँगे।
इस तरीके से इन्द्रियों का संयम एक, पैसे का संयम दो, अब तीसरा संयम आता है समय का; समय का भी आप टाइम-टेबिल कर सकेंगे; टाइम-टेबिल बनाकर आप काम करेंगे तो, विनोबा ने इतनी लम्बी यात्रा भी पूरी कर ली थी और इसके साथ-साथ में पढ़ने-लिखने का काम भी जारी रखा, तेईस भाषाओं के विद्वान थे वे। उन्होंने अपने समय का विभाजन इस तरीके से किया हुआ था कि एक सेकेण्ड भी बेकार नहीं जाता था। विश्राम करना—विश्राम भी समय पर था। विनोबा शाम को छह बजे सो जाते थे। गर्मियों में सात बजे सूर्य अस्त होता है तो भी वे छह बजे सो जाते थे। उन्होंने यह कभी नहीं देखा कि सूरज आगे चलता है कि पीछे चलता है। उन्होंने घड़ी के ऊपर जिन्दगी को नियमित रखा। जितने भी संसार में महापुरुष हुए हैं, उन्होंने काल को पाटी से बाँधकर रखा। रावण ने काल को पाटी से बाँधकर रखा था। आप भी काल को पाटी से बाँधकर रखिये। घड़ी को अपनी कलाई से बाँधकर रखिये। घड़ी के कहने पर अपना चलने का, फिरने का, खाने का, पीने का, सोने का, उठने का कार्यक्रम बनाएँ। अपना समय आपके अधिग्रहीत होना चाहिए; समय आपका अस्त-व्यस्त नहीं होना चाहिए। ऐसा न हो कि समय को आप बेसिलसिले और बेहिसाब खर्च करें। समय का निग्रह है यह।
समय संयम के बाद आता है—विचारों का निग्रह। विचारों का निग्रह कर नहीं पाते लोग। चाहे जो सोचते रहते हैं। रात को सोते हुए आँख खुल गई तो, न जाने कहाँ के विचार कर रहे हैं? किस तरह के विचार कर रहे हैं? असम्भव बातों के भी विचार कर रहे हैं। रात को सिनेमा देखा था; फलाँ औरत देखी थी, कैसी अच्छी है! उसकी हम चाह रखते हैं; उसका हम आटोग्राफ लेकर आएँगे। अरे बाबा! कहाँ से आटोग्राफ कैसे लेकर के आएँगे। वहाँ तक का किराया तो दे नहीं पाएँगे, फिर आटोग्राफ कैसे लेकर के आएँगे। इस तरह के विचारों का निग्रह करना आना चाहिए। विचार जिस काम में लगाना चाहिए, उसी काम में अगर आप लगाएँ, तो आप वैज्ञानिक हो सकते हैं, साहित्यकार हो सकते हैं। जितने भी संसार में सफल जीवन के मनुष्य हुए हैं उन लोगों ने अपने विचारों पर कण्ट्रोल करना सीखा था। विचार को इस तरीके से खत्म किया कि जहाँ करना है, बस उसी जगह करना है; जहाँ नहीं करना है, उस जगह नहीं करना। मन के ऊपर नियंत्रण करने की विधि यही है कि विचारों को अस्त-व्यस्त है; कहीं घूमने के लिए विचार बन रहा है, तो वहाँ से हटाइए और जो आपके पास ढेरों-की समस्याएँ हैं, उनके ऊपर लगाइये। बच्चों को कैसे पढ़ाएँगे? धर्मपत्नी का स्वास्थ्य कैसे अच्छा करेंगे? अपने जीवन को भी ठीक कैसे बनाएँगे? आप इस तरीके से योजनाएँ बनाने में, विचार करने में, विचारों को लगने दीजिए—जब खाली समय हो तब और जब खाली समय नहीं हो तब। अपने काम को अपने सम्मान का प्रश्न बनाकर के सारे मन को उसी में लगा दीजिये; मन को एक मिनट खाली मत रहने दीजिये। कोई काम आपके पास है, तो उस काम को इस तरीके से करिये, मानो यह हमारे लिए सबसे बड़ी जिम्मेदारी का काम है। जो काम आपने हाथ में ले रखा है, उसे पूरी जिम्मेदारी समझकर कीजिए। फिर देखिये आपका काम कैसा बढ़िया, कैसा शानदार, कैसा अच्छा खूबसूरत काम हो गया?
इस तरीके से विचारों का संयम-एक, समय का संयम दो, पैसे का संयम तीन और इन्द्रियों का संयम-चार; चार संयम अगर आप करने लगे, तो मैं आपको तपस्वी कहूँगा। इसकी शुरुआत करने के लिए आप जीभ से और कामेन्द्रिय से कामवासना के विचार और स्वाद के विचार-इन दोनों को निकालना शुरू करें। यह सबसे पहला, शुरुआत का चरण है। इसके बाद के जो चरण हैं, वे वही हैं, जो मैंने अभी आपको निवेदन किया। इस तरीके से रविवार या गुरुवार के दिन आप शुरुआत करें और पीछे तो आप तमाम दिन कीजिए; हर दिन कीजिये। यह तो हर दिन करने की चीज है। आपको यह नहीं कहा जा रहा कि आप केवल गुरुवार को ही करेंगे। फिर आपको चाहे जो छूट मिल जाएगी। फिर चाहे जब आप करेंगे, गुरुवार से शुरुआत करेंगे, प्रज्ञायोग यही है। दूसरा काम आपको यह करना है कि सोते और उठते समय नये जन्म और पुराने जन्म को याद रखेंगे, शुद्धता रखेंगे। शुद्धता रखने के लिए पवित्रीकरण, प्राणायाम और न्यास आदि करेंगे और देवसेवा और देवपूजन करेंगे; भक्तियोग के लिए तीन मालाएँ करेंगे। एक अपने लिए, एक अन्तःकरण के संशोधन के लिए और एक अपने शरीर को सामर्थ्यवान बनाये रखने के लिए और? और सविता का ध्यान करेंगे। गायत्री जप के साथ-साथ में सविता आपको बल दे और ज्ञान-बुद्धि दे। अर्घ्यदान करते हुए बराबर यह बात कहेंगे कि अपने सुख बाँटेंगे और दूसरों को दुःख बँटाएँगे। रविवार और गुरुवार में से किसी एक दिन आप यह करेंगे। बस, इतना ही प्रज्ञायोग है। प्रज्ञायोग आप नियमित रूप से कीजिए। हमारी छपी हुई किताब है। समझ में न आये, तो फिर आकर सीख लेना कभी। प्रज्ञायोग की आप साधना कीजिये। इस समय यह आपके लिए पर्याप्त है। आज की बात समाप्त।
॥ॐ शान्ति:॥