उन दिनों कैसेट का प्रचलन खूब जोर-शोर से था। गीतों के व परम पूज्य गुरुदेव के प्रवचनों के कैसेट तैयार किये जा रहे थे। कैसेट के इनले कार्ड में परम पूज्य गुरुदेव का चित्र देने का निर्णय हुआ। जब वं० माताजी को एक नमूना दिखाया गया तो वं० माताजी ने कैसेट को उलट-पलट कर देखा और बोलीं, ‘‘बेटा! मुझे और गुरुजी को कभी अलग मत करना।’’ फिर बोलीं, ‘‘बेटा, आने वाले समय में दुनिया अपनी समस्याओं का समाधान मेरे गीतों में और पूज्य गुरुजी के प्रवचनों में ढूँढ़ेगी।’’ - वं० माताजी
मित्रो! हमारे विचारों को लोगों को पढ़ने दीजिए। जो हमारे विचार पढ़ लेगा, वही हमारा शिष्य है। हमारे विचार बड़े पैने हैं, तीखे हैं। हमारी सारी शक्ति हमारे विचारों में समाहित है। दुनिया को हम पलट देने का जो दावा करते हैं, वह सिद्धियों से नहीं, अपने सशक्त विचारों से करते हैं। आप इन विचारों को फैलाने में हमारी सहायता कीजिए। - पूज्य गुरुदेव
गायत्री मंत्र हमारे साथ-साथ बोलें-
ॐ भूर्भुवः स्व: तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो न: प्रचोदयात्।
मित्रो। कल्प साधना के लिए आप सभी यहाँ शान्तिकुञ्ज आए हैं। कल्प आखिर है क्या जिसके लिए हमने आपको यहाँ बुलाया है। कल्प का अर्थ होता है, परिवर्तन। आपको बदलने का हमारा मन है। आप यदि अभी तक दुखी जीवन जीते रहे हैं तो सुखी जीवन जिएँ।आप बीमार जीवन जीते रहे हैं तो स्वस्थ जीवन जिएँ। आप यदि गुत्थियों से उलझा हुआ जीवन जीते रहे हैं तो अब हँसता-हँसाता जीवन जिएँ। यदि घिनौना, कमजोर और उपेक्षित जीवन जीते रहे हैं तो अब ऐसा शानदार जीवन जिएँ कि जिसको देखकर आपका भी जीबाग-बाग हो जाए और जो कोई भी बाहर इसे देख पाए, उसकी भी खुशी का टिकाना न रहे, ऐसा ही आपके जीवन में कायाकल्प करने का हमारा मन था। आपने हमारे विचारों को पढ़ा होगा और उसी से प्रभावित होकर यहाँ आए हैं। आइए अब विचार करें कि यह कैसे संभवहोगा? इसके लिए क्या करना पड़ेगा? इन सारे प्रश्नों पर गंभीरता से हम और आप विचार करें।
आमतौर से कल्प साधना के बारे में यह भ्रम फैला हुआ है कि कल्प माने बूढ़े से जवान हो जाना, पर यह एक भ्रांति है। बूढ़े का जवान होना संभव नहीं है क्योंकि यह प्रकृति के नियमों के विरुद्ध है। प्रकृति के नियमों को कोई बदल नहीं सकता। सूर्य पूर्व से निकलता हैऔर पश्चिम में डूबता है। ऐसा नहीं सो सकता कि सूर्य पश्चिम से निकले और पूर्व में डूबा करे। भगवान ने प्रकृति के नियमों को ऐसा बना दिया है कि वे अपने स्थान पर यथावत रहेंगे और जब से बने हैं, तब से और जब तक सृष्टि रहेगी, तब तक बने रहेंगे। इसलिएबूढ़े आदमी का जवान होना नामुमकिन है। पुराणों में कथाएँ तो हैं, पर मालूम नहीं वे कहाँ तक ठीक हैं। आपने च्यवन ऋषि की बात सुनी होगी जो बूढ़े थे और जवान हो गए थे। आपने राजा ययाति की कहानी भी सुनी होगी कि बेटे की जवानी लेकर वह बूढ़े से जवान होगए थे। लोगों ने कोशिशें तो की हैं, यूरोप में भी बहुत प्रयत्न हुए हैं वृद्धों को जवान बनाने के लिए, पर सफलता नहीं मिली। स्टालिन रूस का अधिनायक था। उसको बंदर की ग्रंथियाँ काट-काटकर लगाई और यह कोशिश की गई कि वह फिर से जवान हो जाए, पर ऐसानहीं हो सका। प्रकृति से लड़ाई लड़ना नामुमकिन है। किसी को यह आशा नहीं करनी चाहिए कि हमारा बूढ़ा शरीर जवान बन जाएगा, पर हाँ यह आशा हम-आप में से हर व्यक्ति कर सकता है कि कमजोरी और बीमारी जो हमने आपने बुलाकर रखी हैं, उसको इनकार करदें और यह कह दें कि हम आपको अपने यहाँ रखने की स्थिति में नहीं हैं कृपा करके आप चली जाइए। इनको हम भगा सकते हैं, क्योंकि ये प्राकृतिक नहीं हैं।
जीवधारी पैदा होते हैं और मरते भी हैं, पर न कोई बीमार रहता है और न कोई कमजोर रहता है। जब कमजोरी आती है तो मौत के मुँह में चले जाते हैं। भला कमजोर जिंदगी जीना कौन पसंद करेगा और ऐसी जिंदगी कौन पसंद करेगा जो बीमारियों से घिरी हुई हो।कमजोरी और बीमारियों से घिरा हुआ होना यह प्रकृति के विरुद्ध है। इसको आप और हम हटा सकते हैं। शरीर के बारे में यहीं तक मुमकिन है और इसके आगे कुछ नहीं हो सकता। शरीर के कायाकल्प से अगर आपका मतलब हो और इसी ख्याल से अगर आप यहाँ आएहों तो कृपा करके यह बात नोट कर लीजिए शरीर के बारे में कि यह जो आपकी उमर है, वह आगे ही बढ़ेगी, पीछे की और घटेगी नहीं। जवान को तो बच्चा कैसे बना पाएँगे हम? बच्चे की माँ के पेट में तो कैसे धकेल पाएँगे? संभव नहीं हैं। आपकी उमर तो जरूर बढ़ेगी औरआपके शरीर पर जो प्रभाव पड़ेगा, वह सब पड़ना ही चाहिए लेकिन आपका स्तर बदल जाएगा। आकृति तो ज्यों की त्यों रहेगी, पर प्रकृति बदल जाएगा। प्रकृति को बदलना मुमकिन है। यदि आपकी प्रकृति बदल जाएगी तो परिस्थितियाँ भी बदल जाएँगी। जैसा कि आपसभी जानते हैं कि मनःस्थिति का ही नाम परिस्थिति है। मनःस्थिति अगर आदमी बदल ले तो परिस्थितियों के बदलने में कोई शक नहीं है। बस यही कायाकल्प है। इसी को हम कराना चाहते हैं।
आपके भीतर वाला माद्दा यदि बदल जाए तो आपके बाहर वाला जरूर बदल जाएगा। मनःस्थिति में हेर−फेर कर लें तो उसके अनुसार परिस्थितियाँ अपने आप बदल जाएँगी। इसलिए कल्प साधना से आपको जो यहाँ अर्थ लेना चाहिए, वह यह लेना चाहिए कि यहाँ जोआपसे कराया जाने वाला है या आपको जो करना है, या हम जो आपसे कराने के लिए दबाव डालेंगे तो सिर्फ इस बात का दबाव डालेंगे कि आपका भीतर वाला हिस्सा जिसका अर्थ होता है मन, बुद्धि और चित्त, जिसका अर्थ होता है जीवात्मा, जिसका अर्थ होता है आपकादृष्टिकोण, चिंतन और चरित्र बदल जाए। अगर इसे हम बदल दें तो आप विश्वास रखिए कि आपका जीवन पिछले दिनों जैसा भी कुछ रहा है, भविष्य में वैसा रह ही नहीं सकता। आपने इतिहास पढ़ा होगा और आपको उन भक्तों के नाम याद होंगे जो पहले सामान्यस्थिति में गए बीते थे, लेकिन जब उन्होंने अपना मन, स्तर और दृष्टिकोण बदल दिया तो कितना कमाल हो गया। उनकी जिंदगी कैसी शानदार हो गई। अगर उन्होंने भीतर वाले हिस्से को अर्थात दृष्टिकोण को बदला न होता तो बाहर वाली परिस्थितियाँ बिलकुलमामूली आदमी के तरीके की रहीं होतीं।
इस संदर्भ में, मैं आपके सामने कुछ ऐसे आदमियों के नाम रखना चाहता हूँ कि परिवर्तन कैसे होते हैं? शंकराचार्य को आप जानते हैं न। शंकराचार्य एक मामूली घर के लड़के थे। उनकी याता यह उम्मीद करती थी कि पढ़ाए जाने के बाद में लड़के की शादी ब्याह कर देंगे।बाल-बच्चे होंगे, नाती-पोते खिलाएँगे, लेकिन शंकर ने अपना दृष्टिकोण बदल लिया और माँ से इनकार कर दिया। उन्होंने अपने भावी लक्ष्य और भावी जीवन का एक स्वरूप बना लिया। यह स्वरूप उनका अपना बनाया हुआ था। यह दृष्टिकोण उन्होंने स्वयं बनाया था, कार्यपद्धति उन्होंने स्वयं बनाई। बाद में सहायता दूसरों ने भी की। शुरुआत तो उन्होंने ही किया। शंकराचार्य फिर क्या हुए? वे शंकर भगवान के अवतार माने जाते हैं। अगर आदि शंकराचार्य ने अपने दृष्टिकोण में हेर-फेर न किया होता तो तब फिर वही होता जो उनकीमाँ चाहती थी। वे एक मामूली पंडित-पुरोहित होते, जन्मपत्रियाँ बनाते-फिरते, पूजा-पाठ कराते फिरते, बाल-बच्चे होते और गए-बीते स्तर के होते, पर जब दृष्टिकोण उन्होंने बदल दिया तो आदि शंकराचार्य हो गए।
हर आदमी को यह अधिकार मिला हुआ है कि वह चाहे जैसा बन जाए। भगवान ने हर आदमी के इस लायक बनाया है कि वह चाहे तो अपने आप को बदल दे। विवेकानन्द की बात आपको मालूम है न। वे एक मामूली से विद्यार्थी थे। खास प्रतिभावानों में उनकी शुमारनहीं होती थी। घर की परिस्थितियाँ भी ऐसी थीं। पिताजी के मरने के बाद घर-गृहस्थी का वजन भी उन पर आ गया था, लेकिन यह सब होते हुए भी उन्होंने यह निश्चय किया कि अपने सोचने के तरीके, अपने दृष्टिकोण और अपने जीवन का लक्ष्य तथा उद्देश्य बदलदेंगे। यही उन्होंने किया भी। जब इस बात का फैसला उन्होंने कर लिया तो रामकृष्ण परमहंस के साथ उनकी संगति को गई। तो क्या रामकृष्ण परमहंस ने उनकी सहायता की? नहीं, ऐसा मत कहिए। रामकृष्ण परमहंस के लिए सहायता करना मुमकिन रहा होता, तोहजारों आदमी उनके पास आया करते थे और उनसे दीक्षा लेते थे। हजारों आदमी उनके शिष्य कहलाते थे, पर एक भी तो नहीं हुआ। केवल एक आदमी हुआ विवेकानन्द। तो क्या रामकृष्ण की कृपा एक पर ही थी? नहीं, असलियत यह नहीं है। उनकी सब पर कृपाबरसती थी, पर उन्होंने अपने को बदला नहीं, जबकि विवेकानन्द ने अपने आप को भीतर से बदल लिया। बदले हुए आदमी की कौन सहायता नहीं करेगा? आप जिस दिशा में भी आगे बढ़ना चाहते हैं, उसमें सहायता करने वालों की दुनिया में कुछ कमी है क्या? विवेकानन्द की भी सहायता हुई।
और किसकी सहायता हुई? सदन का नाम सुना है आपने कि वह कैसा आदमी था? कसाई का धंधा करता था, जानवर काटता था। पवित्र शालिग्राम पत्थर के बदले माँस तौल-तौलकर बेचता था। बेचता ईमानदारी से था। हर आदमी की दृष्टि में उसकी कीमत दो कौडी कीथी, लेकिन जब उसने अपने आप को बदल लिया ईश्वरीय सत्ता से तादात्म्य बिठा लिया तो भगवान के भक्तों में सदन कसाई मूर्द्धन्य हो गए। मनःस्थिति बदल जाने के खाद में परिस्थितियाँ क्यों नहीं बदलेंगी? पहले जिससे लोग नफरत करते थे, उसी को सब प्रणामकरने लगे। मस्तक झुकाने लगे और न जाने क्या-क्या करने लगे। वाल्मीकि का नाम आपने सुना है न, पहले उसकी कैसी जिंदगी थी। पहले वे घटिया वाली, शराब वाली जिंदगी जी रहे थे। आदमी उससे भयभीत रहता था। हर आदमी का उस पर धिक्कार बरसता थालेकिन जब उन्होंने अपने आप को बदल लिया तब वह संत वाल्मीकि हो गए, ऋषि वाल्मीकि हो गए। उनका जीवन इतना शानदार हो गया कि भगवान राम को अपनी धर्मपत्नी सीता की हिफाजत के लिए उनकी गार्जियनशिप के लिए और कोई संत न दिखाई पड़ा।वाल्मीकि ही सीता जी द्वारा सुसंतति उत्पन्न हेतु सबसे बड़े संत दिखाई पड़े। उनके आश्रम में भगवान राम ने अपनी पत्नी और बच्चों को सहर्ष रहने दिया ताकि उनका पालन-पोषण, संस्कार और शिक्षण ठीक ढंग से हो सके। वही वाल्मीकि जिनका पूर्व का जीवन दस्युका था, उनका कायाकल्प हो गया। वे संत, ऋषि, देवपुरुष बन गए, वही कायाकल्प करने के लिए लोग यहाँ आए हैं। भीतर वाले को बदल दीजिए, फिर देखिए परिस्थितियाँ बदलती हैं कि नहीं।
हमने आपके सामने वाल्मीकि का उदाहरण पेश किया। अभी मेरा मन कुछ अच्छा उदाहरण पेश करने का है। आम्रपाली का नाम सुना होगा आपने। वह एक वेश्या थी जिसको हर आदमी ऐसे समझता था कि हम क्या कहें आपसे। उसने कितने आदमियों की जिंदगीखराब की थी, लेकिन जब उसने अपने आप को बदल दिया, तब फिर आम्रपाली, आम्रपाली नहीं रही, वेश्या नहीं रही, वह भगवान बुद्ध की बेटी हो गई। सारे के सारे एशिया के अधिकांश देशों में वह घूमी। महिला संगठन की दृष्टि से उसने न जाने क्या से क्या कर डाला, कैसे हो गया यह सब? उसने अपने आप को बदल दिया और उसका कायाकल्प हो गया। कायाकल्प कैसे होगा? यही मैं आपको बताने वाला हूँ, पर पहले आपको यह जान ही लेना चाहिए कि कायाकल्प भीतर से होता है, बाहरी शरीर के कायाकल्प से कोई मतलब नहीं है।आंतरिक की विधा प्राचीनकाल में भी रही है और अभी भी है तथा आगे भी रहेगी। इसी के लिए हमने आपको बुलाया है।
ध्रुव का नाम सुना होगा आपने, वह बिलकुल एक सामान्य दरजे के राजकुमार थे। राजाओं के ढेरों बच्चे होते है। एक को गोद में लिया और एक को गोद से उतार दिया जरा सी परिवार की एक घटना। उससे ध्रुव ने अपने आप को बदल लिया। उन्होंने कहा-राजकुमार रहनानहीं है और यदि रहना ही होगा तो भगवान के राजकुमार क्यों नहीं रहेंगे? बस, भगवान का राजकुमार बनने का फैसला कर लिया उसने। दृढ़ निश्चयी की सहायता करने वाले कम हैं क्या? नारद जी आ गए और उनने उसकी सहायता की। नारद जी बाकी बच्चों-ध्रुव केभाई बहनों के पास क्यों नहीं गए? उनसे क्यों नहीं कहा? नहीं नारद जी उनसे कह नहीं सकते थे, क्योंकि जो आदमी अपना निश्चय स्वयं करता है उसी की सहायता दूसरे करते हैं। आपने वह कहावत सुनी होगी-'ईश्वर उन्हीं की सहायता करता है जो अपनी सहायता आपकरते हैं।' यह बात बिलकुल सोलह आने सच है। प्रह्लाद का नाम जानते हैं न, अगर वह अपने दैत्य बाप के कहने पर चला होता और पुरानी परंपरा पर चला होता तो सिवाय दैत्य के क्या हो सकता था? बाप-दादे जो काम करते थे, वही काम प्रह्लाद भी करता, परंतुप्रह्लाद ने अपने आप को बदल दिया। इसी तरह गुरुनानक का नाम भी आपने सुना होगा। गुरुनानक के पिताजी मामूली सा व्यापार करते थे। वे चाहते थे कि उनका लड़का भी व्यापार करे। व्यापार के लिए एक बार पैसा भी दिया जिसे उन्होंने परमार्थ में खरच कर डाला।बाप के कहने पर वे चले नहीं उनकी बातें मानने से इनकार कर दिया। मित्रों ने, पड़ोसियों ने भी कहा होगा, पर एक का भी कहना उन्होंने नहीं माना। अपने ईमान और भगवान का कहना उन्होंने माना। अपने ईमान और भगवान का कहना मानने वाले नानक का क्या होगया देखा है न आपने कि सारे संसार में कितनी इज्जत है उनकी। सिख धर्म में उन्हें भगवान मानते हैं। वे महान बन गए पर अगर बाप की मरजी पर चले होते तो पुराने ढर्रे पर ही गाड़ी लुढ़कती रही होती और वे बिलकुल मामूली से आदमी होते और एक बनिये कीदुकान कर रहे होते। ढेरों बच्चे पैदा करके मामूली आदमी के तरीके से जिंदगी बसर कर रहे होते, पर ऐसा नहीं हुआ। नानक का कायाकल्प हो गया। नानक संत हो गए, ऋषि हो गए, भगवान हो गए, अवतार हो गए।
शिवाजी की भी यही कहानी है। उनके पिताजी मिलिटरी में नौकरी करते थे, वे जैसे मामूली घर-गृहस्थी के बच्चे होते हैं, उसी तरह थे। यदि ढर्रे का जीवन जिया होता और उस ढर्रे से इनकार न किया होता तथा अपने लिए कोई नया निर्धारण न किया होता या निश्चय नकिया होता तो क्या आप विचार कर सकते हैं कि शिवाजी वैसे ही रहे होते जैसे कि हम उन्हें ख्याति शिवाजी कहते हैं। यह कैसे हुआ? कायाकल्प हो गया। वह शिवाजी जो माता के पेट में से पैदा हुआ था, घर-गृहस्थी में गुजारा करता था, उसकी तुलना में महापुरुष शिवाजीकी रूपरेखा बिलकुल अलग है। इसी तरह चंद्रगुप्त का नाम आपने सुना होगा। चाणक्य ने उसके अंदर की कसक को देखा और उसे पढ़ लिया। उसकी पात्रता को देखा और उसके भीतर हो रहे मनःस्थिति के बदलाव को देखा। चाणक्य ने उसे क्या से क्या बना दिया। गाँधीजी परिस्थिति से ऐसे ही थे क्या? उनके पिताजी एक छोटी स्टेट के दीवान थे। वह अपने लड़के को वकील बनाना चाहते थे। गाँधी जी यदि उनके अनुसार चले होते तो एक मामूली वकील रहे होते। सफल या असफल यह बात दूसरी है, पर सिवाय वकील के और कुछ नहींहो सकते थे, लेकिन जब उन्होंने यह निश्चय किया कि हमको कुछ बनना है और जिंदगी का बड़ा उद्देश्य पूरा करना है, तो वे फिर महात्मा गाँधी हो गए, अवतार हो गए, बापू हो गए और युग प्रवर्तक हो गए। लाखों आदमियों को दिशा देने वाले हो गए। आखिर यह हुआकैसे? भगवान ने कर दिया क्या? नहीं। तो फिर भाग्य ने किया क्या? नहीं, तो फिर किसी आदमी ने किया होगा। नहीं, किसी ने भी नहीं किया। उन्होंने स्वयं अपना कायाकल्प कर लिया था। सहायता जरूर औरों ने की। सहायता का तो दुनिया में द्वार खुला है। बुरे लोगोंके लिए भी सहायता का द्वार खुला हुआ है और अच्छे लोगों के लिए भी खुला है। गाँधी जी के बावत यही हुआ। बुद्ध के बारे में भी यही बात लागू होती है। बुद्ध भगवान क्या थे? एक मामूली राजा के लड़के थे। छोटी उम्र में विवाह-शादी कर दी गई थी, लेकिन जब उन्होंनेयह निश्चय किया कि हमें बड़प्पन की दिशा में चलना है, कुछ महान कार्य करने हैं, तो बुद्ध का कायाकल्प हो गया और वे भगवान बुद्ध को गए।
उपरोक्त पुराने उदाहरण मैंने इसलिए दिए हैं कि आप विचार कर सकें कि हमारा बदलना संभव है। चलिए आपका यह ख्याल हो शायद कि हम तो मामूली आदमी हैं। हमारी घिनौनी और गंदी जिंदगी रही है, जिसके कारण हम नहीं बदल पाएँगे और जिस ढर्रे पर हम चलरहे हैं, जिस कोल्हू में हम पिल रहे हैं, उसी में हम मिलते रहेंगे तो यह आपकी मरजी के ऊपर है, अन्यथा मामूली और घिनौने आदमी तो और भी आसानी से बदल सकते हैं। यह आपकी मरजी के ऊपर है कि आप चाहें तो इस तरीके से भी रह सकते हैं जैसे कि अभी रहरहे हैं, लेकिन अगर आपका मन हो कि हमको बदल जाना चाहिए तो सूरदास का उदाहरण आपके सामने है। सूरदास कैसे आदमी थे? आप जाते हैं न। बिल्वमंगल का नाम सुना है न आपने। कैसी घिनौनी और कामुक जिन्दगी थी उसकी? पर जब कायाकल्प हुआ तोअंधा होने के बाद में भगवान उन्हें अपनी लाठी पकड़ाकर ले जाते थे।
तुलसीदास की भी पिछली जिंदगी ऐसी थी कि कामुकता से पीड़ित होकर उन्होंने मुरदे पर सवार होकर नदी पार की थी। साँप की पूँछ पकड़कर छत पर चढ़ गए और अपनी धर्मपत्नी के पास पहुँचे थे। धर्मपत्नी ने यह कहा था, "जितना प्यार आप हमसे करते हैं, यदिउतना ही प्यार आप भगवान से करें, तो क्या से क्या हो सकता है।'' यह बात उनके मन में लग गई और लगने के बाद में उन्होंने अपने आप को बदल दिया। बदला हुआ जीवन तुलसीदास का आप जानते हैं न। रामायण को बनाने वाले उस तुलसीदास को आप जानते हैजिनके बारे में प्रसिद्ध है-
तुलसीदास चंदन घिसें, तिलक देत रघुवीर।
भगवान राम तुलसीदास को चंदन लगाते थे और श्रीकृष्ण भगवान सूरदास को लाठी पकड़ाकर साथ-साथ घूमते हैं। ऐसा हो सकता है क्या? हाँ, हो सकता है और आपके लिए भी हो सकता है, यकीन रखिए। यकीन दिलाने के लिए ही हमने आपको यहाँ बुलाया है कि आपचाहें तो जरूर कर सकते हैं। यह कैसे होगा? इसमें दो आदमियों के सहयोग की जरूरत पड़ती है, अकेले आप नहीं कर पाएँगे, लेकिन कोई बाहर का आदमी अकेला आपकी सहायता करना चाहे तो वह भी मुमकिन नहीं है। आप प्रयत्न कीजिए हम आपकी सहायता करेंगे।मरीज को दवा खानी होती है और परहेज करना होता है। चिकित्सा करने वाला दूसरा आदमी होता है। हम आपकी चिकित्सा कर सकते हैं, लेकिन परहेज तो आपको ही करना पड़ेगा। दवा तो आपको ही खानी पड़ेगी। आपने देखा होगा कि अंडा किस तरीके से फूटता है।मुरगी के पेट से अंडा निकलता है। मुरगी की दया न हो तो अंडा कहाँ से आए? जन्म लेने से पहले अंडे के भीतर रहने वाले बच्चे को मेहनत करनी पड़ती है और अपनी ताकत के हिसाब से अंडे को भीतर से तोड़ना पड़ता है। कोई और तोड़ने नहीं आता। आपने देखा होगाकि जब बच्चा बाहर आता है तो अंडे के भीतर बैठे उस चूजे की मेहनत करनी पड़ती है। अपनी ताकत से वह अंडे में दरार डालता है और फूटकर बाहर निकल पड़ता है। यह मेहनत उसकी अपनी है। अंडे को जन्म मुरगी देती है, छाती से लगाकर पालती भी है, सेती भी है।यह सब काम मुरगी का है, लेकिन उस अंडे को तो चूजे को ही तोड़ना पड़ता है। भ्रूण तो माता ने बनाया है। पेट में रहे हुए गर्भ को खुराक माता ने दी है। दूध माता ने ही पिलाया है, लेकिन पेट में से निकलने की ताकत-मेहनत तो पेट में रहने वाले बच्चे को ही करनी पड़तीहै। अगर पेट में रहने वाला बच्चा इनकार कर दे कि हम तो बाहर नहीं निकलते, धक्का-मुक्की नहीं करते, तो फिर 'डिलिवरी' नहीं हो सकती। बाहर निकलने के लिए पूरी की पूरी जिम्मेदारी उस बच्चे के ऊपर है जो पेट में बैठा हुआ है। प्रसव तो माता ही करती है, दरद तोमाता को ही होता है, पर जब तक बच्चे की ताकत, हुकूमत काम नहीं करती, उसके पहले या पीछे उसे जन्म नहीं दे सकती।
आपको अंडे के तरीके से अपना दायरा तोड़ना पड़ेगा, बच्चे के तरीके से बाहर तो निकलना पड़ेगा। आपको जो करना है, यही करना है कि आपके ऊपर जो केंचुली लगी हुई है, यदि आप उसे उतार देंगे तो आप साँप के तरीके से दौड़ते हुए चले जाएँगे। केंचुली लगा हुआ साँपकहाँ भाग पाता है। लोग पत्थर फेंकते रहते हैं, पर वह वैसे ही बैठा रहता है। केंचुली उतार दी तो न जाने कहाँ से कहाँ जा पहुँचता है। आप अपने पुराने कुसंस्कारों की केंचुली उतार दीजिए और नए रास्ते पर चलिए। पिंजरे से आप बाहर निकलें, पिंजरे से बाहर आपको हीनिकलना है। हथकड़ियाँ और बेड़ियाँ तोड़ने के लिए मशक्कत आपको ही करनी है। अपनी सहायता आप करेंगे तो हम जरूर सहायता करेंगे। आप यकीन रखिए। सहायता करने के लिए ही तो हम बुलाते हैं आपको। हम आपको सहायता का यकीन दिलाते हैं, लेकिन अगरआप यह ख्याल करते हों कि केवल हमारी सहायता से आपकी समस्याएँ हल हो जाएँगी, तो यह मुमकिन नहीं है। आप और हम मिल-जुलकर कार्य करें। आप हमारा कहना मानें और हम आपके लिए मदद करें। अंधे और पंगे के तरीके से हम लोग मिल-जुलकर नदीपार कर लें। तब परिस्थितियाँ भी ऐसी बदल जाएँगी कि मजा आ जाएगा।
कायाकल्प से हमारा मतलब यही था कि आपके लिए हम सहायता करेंगे कि आप बदल जाएँ। आप पर हम दबाव डालेंगे कि जिस तरह की जिंदगी आप जीते रहे हैं, वह मुनासिब नहीं है। आपका जो स्वरूप अब तक का रहा है, वह आपके लिए मुनासिब स्वरूप नहीं है।हम आप पर दबाव डालने वाले हैं कि आप इस स्वरूप को आगे चलाने से इनकार कर दें और एक काम करें कि ताकत लगाएँ, कोशिश करें, जुर्रत करें, साहस इकट्ठा करें कि हमें अपनी जिंदगी को बदलना है। फिर आप देखिए हम आपकी पूरी-पूरी मदद करेंगे।विवेकानन्द की सहायता रामकृष्ण परमहंस ने की थी। हम परमहंस तो नहीं हैं, पर आप यकीन रखिए कि आपकी सहायता हम उतनी ही कर सकते हैं और श्रेष्ठ व्यक्ति बना सकते हैं। आप तैयार हो जाइए। अगर आप तैयार हैं तो आप यकीन रखिए कि आपका जीवनबदल जाएगा और ऐसा जानदार जीवन बन जाएगा कि आप स्वयं तो अपने आप में आश्चर्य करेंगे ही, साथ ही जो कोई भी आपको यहाँ से जाने के बाद देखेगा, वह भी आश्चर्य करेगा। अगर आपको यह दावत स्वीकार हो तो फिर आप तैयार हो जाइए हिम्मत कीजिए, उनके लिए संघर्ष कीजिए और अनुशासन पालने के लिए तैयार हो जाइए। फिर देखिए आपका भविष्य कैसे शानदार बनता है? कायाकल्प से हमारा उद्देश्य यही था और आपको भी कायाकल्प का यही उद्देश्य समझना चाहिए और अपनी तैयारी के लिए जो मुनासिब हो, वह करने के लिए कमर कसकर खड़े होना चाहिए।
ॐ शांतिः