उन दिनों कैसेट का प्रचलन खूब जोर-शोर से था। गीतों के व परम पूज्य गुरुदेव के प्रवचनों के कैसेट तैयार किये जा रहे थे। कैसेट के इनले कार्ड में परम पूज्य गुरुदेव का चित्र देने का निर्णय हुआ। जब वं० माताजी को एक नमूना दिखाया गया तो वं० माताजी ने कैसेट को उलट-पलट कर देखा और बोलीं, ‘‘बेटा! मुझे और गुरुजी को कभी अलग मत करना।’’ फिर बोलीं, ‘‘बेटा, आने वाले समय में दुनिया अपनी समस्याओं का समाधान मेरे गीतों में और पूज्य गुरुजी के प्रवचनों में ढूँढ़ेगी।’’ - वं० माताजी
घट-घट में श्रीराम रमे हैं, जब चाहो दर्शन कर लेना।
घट-घट में श्रीराम रमे हैं, जब चाहो दर्शन कर लेना॥
रग-रग में वह रोम-रोम में, वह धरती में और व्योम में।
जड़-चेतन में व्याप्त वही है, निर्मल मन में प्राप्त वही है॥
बूँद-बूँद में, सागर में है, तुम उसका वन्दन कर लेना॥
घट-घट में श्रीराम रमे हैं, जब चाहो दर्शन कर लेना॥
पतझर है वीरान उसी से, मधु ऋतु की मुस्कान उसी से।
सावन घन उससे ही झरते, सूखे ताल-सरोवर भरते॥
वह कल-कल जल निर्झर में है, मन अपना पावन कर लेना॥
घट-घट में श्रीराम रमे हैं, जब चाहो दर्शन कर लेना॥
जग में जो उत्थान-पतन है, जो कुछ होता परिवर्तन है।
सुबह-शाम का वह कारण है, सब उसका ही अनुशासन है॥
वही चाँद में दिनकर में है, पल भर तुम चिंतन कर लेना॥
घट-घट में श्रीराम रमे हैं, जब चाहो दर्शन कर लेना॥
पाहन है चट्टान वही है, किन्तु सुगम आसान वही है।
हिम-शिखरों की शान उसी से, सरिता है गतिवान उसी से॥
श्रमिकों के श्रम सीकर में है, उसका ही पूजन कर लेना॥
घट-घट में श्रीराम रमे हैं, जब चाहो दर्शन कर लेना॥
वह सबका पोषक-पालक है, वह जगती का संचालक है।
महाकाल से मन को जोड़ो, छोड़ो तुम हठ-धर्मी छोड़ो॥
सबका हित प्रभु के स्वर में है, उसपर मन अर्पण कर देना॥
घट-घट में श्रीराम रमे हैं, जब चाहो दर्शन कर लेना॥