Hindi-Urdu Ghazals by Uday Shah
छंद/बहर में ऊपर बिंदी मुख्य पद्यभार और नीचे बिंदी गौण पद्यभार
------------------------------------------------------------------------------------
पाने को अपनी उम्र बहाते चले गए;
लोगों में उसको यूं ही लुटाते चले गए।
आसान हो सफ़र सभी अन्जान के लिए;
राहों से संग-ओ-ख़ार हटाते चले गए।
इक उम्र मिट गई जिसे पाने के वासते;
वो है कि उनके नाम कहाते चले गए।
कोई कमी न छोड़ी थी हमको मिटाने में;
अपना मक़ाम ख़ुद ही बनाते चले गए।
जिंदा जला दिया था किसीने मेरा वजूद;
फिर भी ख़ुलूस-ओ-प्यार बहाते चले गए।
आख़िर को आ गया है सलीक़ा-ए-ज़िन्दगी;
जीवन में रंज-ओ-ग़म को सजाते चले गए।
आ जाएं हम जो सामने तो क्या जवाब दें;
नज़रों से मेरी ख़ुद को बचाते चले गए।
सर पे जुनूं सवार था नेकी की राह का;
अपनी मुसीबतों को बढ़ाते चले गए।
होते रहे हैं यार मेरे ग़म में यूं शरीक;
दे कर दिलासा और रुलाते चले गए।
आंसू हमारी आंख से टपके नहीं मगर;
अपना लहू ग़ज़ल में बहाते चले गए।
छंद/बहर : गागां लग़ालगां लल़गागां लग़ालगां
क़ाफ़िया-व्यवस्था : आकार+ते
-----------------------------------------------------------
बातों-बातों में फ़साना कह गए;
वह हमारी ओर तकते रह गए।
जिसको हम कहते रहे थे बेवफ़ा;
नम थी आंखें, सर झुका कर वह गए।
हो गई शर्मिंदा हमसे ज़िन्दगी;
ग़म दिए, हम मुस्कुराते सह गए।
मैकशी-ओ-बेख़ुदी की बात क्या;
ख़ौफ़ कोई ना रहा, सच कह गए।
आशियां हमने सजाया प्यार से;
आंधी आई तिनके-तिनके बह गए।
साथ गुज़री रात सारी पर लगा;
यह वह आए और जाने यह गए।
आके वह अपनी सुना कर चल दिए;
और हम लब कपकपाते रह गए।
होंठ अपने सी लिये इसका सिला;
ऐरे-ग़ैरे आके कुछ भी कह गए।
अपने आंसू ना बने मोती कभी;
पानी थे, सो उस तरह ही बह गए।
छंद/बहर : गांलग़ागा गांलग़ागा गांलग़ा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : अकार+ह
--------------------------------------------------
दिल में अब वो पहले जैसा ग़म कहां;
देख लो आंखों को अब है नम कहां।
पास उनके अब बचा कुछ भी नहीं;
हमने झेले ना हो ऐसे ग़म कहां।
ग़म नहीं कुछ हो सके ना वो मेरे;
याद उनकी कुछ मिलन से कम कहां।
मेरे ग़म से ग़मगीं हो जाते हैं वो;
दूर रह कर भी इनायत कम कहां।
तू भी तू है और मैं भी मैं हूं अब;
हो गए दोनों जुदा, अब हम कहां।
तिरछी नज़रों से हमें देखा किये;
यूं भी उनका देख लेना कम कहां।
बाद मुद्दत मिल गए क्या कीजिए;
प्यार है पर पहले जैसा दम कहां।
रास्ता था एक दोनों का मगर;
आज देखो तुम कहां हो, हम कहां।
वो बचा कर नज़रें हमको देख लें;
साथ ना हो पर इनायत कम कहां।
एक मुद्दत से उन्हें करते हैं याद;
एक पल भी याद उनको हम कहां।
काग़ज़ी गुल ही सजाए आपने;
कैसी ख़ुश्बू और है शबनम कहां।
आदमी ही आदमी है हर तरफ़;
आदमियत का रहा आलम कहां।
छंद/बहर : गांलग़ागा गांलग़ागा गांलग़ा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : अकार+म
-------------------------------------------------
अश्क आंखों से तू ऐसे ही बहाता क्यूं है;
अपने ज़ख्मों को तमाशा तू बनाता क्यूं है।
दासतां मेरी तू सबको यूं सुनाता क्यूं है;
अपने किरदार को इसमें तू छुपाता क्यूं है।
जब कि ये तय है कि तन्हाई ही है तेरा बसर;
रोज़ पलकों पे नयी आस सजाता क्यूं है।
तेरे जज़्बात तेरी आंख से होते है अयां;
रंग बातों का बदल कर तू छुपाता क्यूं है।
मेरे होने या न होने से कोई फ़र्क़ नहीं;
बात गर ऐसी है तो मुझ पे जताता क्यूं है।
मैं सर-ए-राह गुज़र जाता हूं अपने दम पर;
दम है तो आगे निकल ख़ार बिछाता क्यूं है।
छंद/बहर : गाल़गागां लल़गागां लल़गागां लल़गा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : आकार+ता
---------------------------------------------------------
हाथ में उसका हाथ नहीं;
कब वो मेरे साथ नहीं।
जिस्म जुदा इक जान हैं हम;
हाथ में चाहे हाथ नहीं।
इक दूजे के दिल में हैं;
साथ है चाहे साथ नहीं।
हाथ में हाथ पिरोए हैं;
हाथ में फिर भी हाथ नहीं।
एक ही घर में रहते हैं;
साथ है फिर भी साथ नहीं।
नाकामी का यही सिला;
किसीने थामा हाथ नहीं।
डगर नयी है, मुश्किल भी;
चलूं, ज़माना साथ नहीं।
अपने ही दम पर पाया है;
किसीका सर पे हाथ नहीं।
लहू से अपने सींचा था;
चमन वो अपने साथ नहीं।
पकड़े गए जब बोले वो;
इसमें मेरा हाथ नहीं।
बिछड़ गए कुछ इस तरहा;
सपने में भी साथ नहीं।
छंद/बहर : गांगाग़ागा गांगाग़ा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : आकार+थ
---------------------------------------------
याद में उसकी खो जाता हूं;
ख़ुद को जब तन्हा पाता हूं।
शाम ढले जब घर आता हूं;
ख़ुद को शर्मिंदा पाता हूं।
दोनों अपनी ख़ू पे अड़े हैं;
वो आते ना मैं जाता हूं।
जीवन सुलझा कर देखा है;
फिर से उलझा ही पाता हूं।
तुम पर कोई आंच जो आए;
जान से अपनी मैं जाता हूं।
नींद में सोते बच्चे देखूं;
जब जाता हूं, जब आता हूं।
इज़्ज़त की इक रोटी के साथ;
कितने सारे ग़म खाता हूं।
बन आई है बच्चों पर अब;
सोचूं, ईमां बेच आता हूं।
हाल पे अपने रोता था मैं;
आप ये समझे मैं गाता हूं।
छंद/बहर : गांगाग़ागा गांगाग़ागा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : आकार+ता
---------------------------------------------
ग़मों का हूं मारा चलो ठीक है;
उसीका इशारा चलो ठीक है।
सितम करके भी वो सितमगर नहीं;
मेरा दोष सारा चलो ठीक है।
सहारा था जीने का उम्मीद इक;
वो टूटा सहारा चलो ठीक है।
मेरे गांव से मैं शहर आ गया;
धुआं-सा नज़ारा चलो ठीक है।
जिगर के लहू से खिलाया चमन;
नहीं हक़ हमारा चलो ठीक है।
ये जीवन भी इक ऐसा मझधार है;
क़ज़ा ही किनारा चलो ठीक है।
था गर्द-ए-सफ़र मेरी तक़दीर में;
मगर है गुज़ारा चलो ठीक है।
छंद/बहर : लगांग़ा लगांग़ा लगांग़ा लगां
क़ाफ़िया-व्यवस्था : आकार+रा
---------------------------------------------------
जिस शब मुझको वो याद आए;
धड़कन-धड़कन में मौत आए।
हो जाती है आंखें गीली;
जब तन्हा कोई शाम आए।
लहर ख़ुशी की इक आई थी;
कितने सारे ग़म साथ आए।
याद मुझे अब भी करते हैं;
हां, लेकिन जब भी काम आए।
चले ख़ुशी की तलाश में हम;
क़िस्मत अपनी ग़म हाथ आए।
दुनिया ने औक़ात बता दी;
ईमां था, सो कम दाम आए।
आंखें बिछी थी राह में उनकी;
आए मगर मेरे बाद आए।
याद कभी जब वो आए तो;
ग़ज़लों का दामन थाम आए।
याद करेगी दुनिया मुझको;
ग़ज़लों की जब भी बात आए।
छंद/बहर : गांगाग़ागा गांगाग़ागा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : अकार+आए(रदीफ़) = आकार+ए
(इस ग़ज़ल में मूल क़ाफ़िये अकारांत ही है मगर रदीफ़ ‘आए’ के साथ मिल कर आकार+ए हो जाते है। फिर भी मूल क़ाफ़िये अकारांत होने की वजह से मैं इसे क़ाफ़ियादोष ही कहूंगा।)
--------------------------------------------
कब क्या होगा किसको ख़बर;
जाएं भी तो जाएं किधर।
सुर्ख़ियांभी हैदो-रंगी;
आंख इधर तो हाथ उधर।
सुर्ख़ इधर है आंख मेरी;
पीले उनके हाथ उधर।
तन्हा-तन्हा रहता हूं;
मेरे जैसा हाल उधर।
बिमार-ए-इश्क़ का ये ही इलाज;
तेरी मीठी तिरछी नज़र।
क़ाबू में रख ख़्वाहिश को;
थोड़े में भी होगा बसर।
छंद/बहर : गांगाग़ागा गांगाग़ा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : अकार+र
---------------------------------------------
कितनी सुन्दर दिखती हो;
जब तुम प्यार से हंसती हो।
कितनी सुंदर दिखती हो;
मेक-अप क्यूं तुम करती हो।
खेलके मुझसे प्यार का खेल;
अपने ही जाल में फंसती हो।
दिल की बात को मान भी लो;
ना ना ना क्यूं करती हो।
तेरा है अंदाज़ अजब;
दिल को जला कर हंसती हो।
सूरज जैसा रूप तेरा;
परदे में क्यूं रहती हो।
कोई मुझसे प्यार करें;
तुम क्यूं इसमें जलती हो।
तिरछी नज़र से देखो तब;
लाख बलाएं रखती हो।
जो भी है वो सच ही है;
आईने से डरती हो।
किसीने शायद छेड़ा है;
हम पर गुस्सा करती हो।
जाने किसके ख़यालों में;
यूं ही हंसती रहती हो।
शायद मेरे ख़यालों में;
सबसे छुप कर हंसती हो।
छंद/बहर : गांगाग़ागा गांगाग़ा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : हलन्तोच्चार+ती
(इस प्रकार के हलन्तोच्चार वाले क़ाफ़ियों को अयोग्य माना जाता है इसलिए इस ग़ज़ल में क़ाफ़ियादोष है।)
---------------------------------------------
बात करनी मुहाल है अब तो;
चुपकिदी ही सवाल है अब तो।
है ग़म-ए-इश्क़ और तन्हाई;
मेरे जैसा ही हाल है अब तो।
ज़िन्दगी का जवाब क्या दूं मैं;
ज़िन्दगी ख़ुद सवाल है अब तो।
हादसे कैसे-कैसे झेले हैं;
ज़िन्दगी भी वबाल है अब तो।
आपका साथ मिल गया है मुझे;
क्या किसीकी मजाल है अब तो।
है ये किसकी मजाल लब खोलें;
आंख मेरी सवाल है अब तो।
छंद/बहर : गाल़गागां लग़ालगां लल़गा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : आकार+ल
-------------------------------------------------------
बहुत प्यार करते हैं हमको सनम;
न जाने हमें क्यूं हुआ ये भरम।
है सुख का मज़ा तो ग़मों का ये ग़म;
तुम्हारी इनायत, हमारे करम।
इन आंखों से मय तुम पिलाते रहो;
तू रख मुझ पे तेरा सदा ये करम।
मुझे अपना अंजाम मालूम है;
अभी तक किया तूने किस पे रहम।
छंद/बहर : लगांग़ा लगांग़ा लगांग़ा लगां
क़ाफ़िया-व्यवस्था : अकार+म
-------------------------------------------------
जबसे तुझसे प्यार हुआ;
जीने का आधार हुआ।
चलके वफ़ा की राह पे मैं;
मूरख का सरदार हुआ।
अपने लहू से सींचा तब;
गुलशन पूर-बहार हुआ।
देखी जब तेरी आंखें;
बिन पीए ही ख़ुमार हुआ।
दुनिया उसकी दुश्मन है;
जिसका भी तू यार हुआ।
देखा जब आईना तो;
ख़ुद पर ही शर्मसार हुआ।
छंद/बहर : गांगाग़ागा गांगाग़ा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : आकार+र
---------------------------------------
हर पल आहें भरता हूं, तेरे चले जाने के बाद;
जीता हूं ना मरता हूं, तेरे चले जाने के बाद।
धोका फ़रेब-ओ-रंज-ओ-ग़म, सारे सदमें सहता हूं;
प्यार के नाम से डरता हूं, तेरे चले जाने के बाद।
जाना तेरी मरज़ी थी, या कोई मजबूरी थी;
प्यार तुझे ही करता हूं, तेरे चले जाने के बाद।
तेरा कहा ही करता था, अपनी कब कर सकता था;
अपने दिल की करता हूं, तेरे चले जाने के बाद।
छंद/बहर : गांगाग़ागा गांगाग़ा गांगाग़ागा गांगाग़ा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : अकार+रता
---------------------------------------------------------------------
कभी शक्ल मेरी हंसी भी कहेगी;
मगर दिल की तय में उदासी रहेगी।
मिलेगीहमें ज़िन्दगी में ख़ुशी भी;
ख़ुशी में तुम्हारी कमी तो रहेगी।
हरेक पल मेरी ही मेरी याद होगी;
जुदा होके मुझसे जहां भी रहेगी।
हरेक पल मुझे तू ही तू याद आए;
यही हाल तेरा, जहां भी रहेगी।
अभी प्यार में तेरे डूबा हूं लेकिन;
तेरे बाद आंसू की नदियां बहेगी।
चलेगी कभी बात ग़ज़लों की तो फिर;
ये दुनिया मेरी दासतां भी कहेगी।
छंद/बहर : लगांग़ा लगांग़ा लगांग़ा लगांग़ा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : अकार+हेगी
--------------------------------------------------------------------
मैं नग़में ख़ुशी के ही गाता रहूंगा;
यूं ज़ख्मों को अपने छुपाता रहूंगा।
मैं यादों के दीपक जलाता रहूंगा;
मैं ख़्वाबों से पलकें सजाता रहूंगा।
नज़र से तेरी दूर जाता हूं लेकिन;
हमेशा तुम्हें याद आता रहूंगा।
मुझे तुम भुलाने की कोशिश करोगे;
मैं उतना तुम्हें याद आता रहूंगा।
चमन पे मेरा हक़ रहे ना रहे, पर;
मैं अपने लहू से खिलाता रहूंगा।
तुम्हारे शहर से मैं जाता हूं लेकिन;
तुम्हें मिलने को आता-जाता रहूंगा।
हुए हैं ग़ज़ल-गो बहुत अच्छे-अच्छे;
मगर साथ मैं याद आता रहूंगा।
छंद/बहर : लगांग़ा लगांग़ा लगांग़ा लगांग़ा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : आकार+ता
--------------------------------------------------
मुझसे वो क्यूं सवाल करते हैं;
जब कि ख़ुद ही जवाब कहते हैं।
जब भी गाऊं मैं कोई गीत कहीं;
वो मेरे आसपास रहते हैं।
ढूंढने पर भी वो मिला ही नहीं;
जब कि दिल में ही मेरे बसते हैं।
काट कर वो ज़ुबान मेरी फिर;
बात करने को मुझसे कहते हैं।
ये भी कोई तरीक़ा है बोलो;
ग़ैर से आप मिलते रहते हैं।
ज़िन्दगी यूं बसर हुई अपनी;
जैसे कोई चिराग़ जलते हैं।
छंद/बहर : गाल़गागां लग़ालगां लल़गा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : हलन्तोच्चार+ते
(इस प्रकार के हलन्तोच्चार वाले क़ाफ़ियों को अयोग्य माना जाता है इसलिए इस ग़ज़ल में क़ाफ़ियादोष है।)
------------------------------------------------
सच्ची बातें करता हूं;
तभी मैं झूटा ठहरा हूं।
याद में जीता हूंतेरी;
हफ़्ते-हफ़्ते मरता हूं।
कोई जो मुझपे वार करे;
फिर भी दुआ ही देता हूं।
कोई भी मुझको समझा नहीं;
मैं भी कितना गहरा हूं।
कोई मुझसे प्यार करे;
जागती आंख का सपना हूं।
छंद/बहर : गांगाग़ागा गांगाग़ा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : आकारांत
------------------------------------------
सब की बातें सुनता हूं;
अपने ही दिल की करता हूं।
अपना है अंदाज़ अलग;
राह नयी इक चलता हूं।
कोई कुछ भी कहता रहे;
सुनता हूं ना कहता हूं।
रुकना तो आदत ही नहीं;
दरिया हूं मैं बहता हूं।
रोना तो फ़ितरत ही नहीं;
अपने ही हाल पे हंसता हूं।
झूटों का ये ज़माना है;
सच कहने से डरता हूं।
तेरे सारे ज़ुल्म-ओ-सितम;
मजबूरी में सहता हूं।
सब को बांटुं सभी ख़ुशी;
अपना ग़म ख़ुद सहता हूं।
ऐसे मक़ाम पे पहुंचा हूं;
रोता हूं ना हंसता हूं।
छंद/बहर : गांगाग़ागा गांगाग़ा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : हलन्तोच्चार+ता
(इस प्रकार के हलन्तोच्चार वाले क़ाफ़ियों को अयोग्य माना जाता है इसलिए इस ग़ज़ल में क़ाफ़ियादोष है।)
---------------------------------------
तेरे बग़ैर जहां में कोई कमी तो नहीं;
मगर ये ज़िन्दगी भी कोई ज़िन्दगी तो नहीं।
सभी के लब पे हमारी है दासतां कैसे;
किसीसे दासतां मैंने कभी कही तो नहीं।
वो कल की बात थी मैं ग़म में डूबा रहता था;
अभी इन आंखों में देखो कहीं नमी तो नहीं।
छंद/बहर : लग़ालगां लल़गागां लग़ालगां लल़गा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : ईकारांत
----------------------------------------------------------------
फूल खिले हैं गुलशन-गुलशन;
ख़ुश्बू कहां है दामन-दामन।
ऐसी ग़म की रात कटी है;
मौत आई हो धड़कन-धड़कन।
हंसते लोग की आंखें देखीं;
दर्द छुपा था चिलमन-चिलमन।
गुलशन पूर-बहार है फिर भी;
कमी-सी है कुछ दामन-दामन।
छंद/बहर : गांगाग़ागा गांगाग़ागा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : अकार+न
---------------------------------------------------
साथ हमारे चलते-चलते तूने रस्ता मोड़ दिया;
जब भी तेरी याद आई ग़ज़लों से रिश्ता जोड़ दिया।
तर्क-ए-मुहब्बत के ऊपर ये दुनियाभर के इल्ज़ामात;
मेरे दिल को तोड़के उसके टुकड़ों तक को तोड़ दिया।
ग़ैर से नाता तोड़ो ऐसा कहने पर मुझसे ये कहा;
ऐसी बात है तो फिर अब से तुमसे रिश्ता तोड़ दिया।
कोई न कोई बहाने से लोगों से मेरी बनती नहीं;
कुछ लोगों ने मुझको छोड़ा कुछ को मैंने छोड़ दिया।
छंद/बहर : गांगाग़ागा गांगाग़ागा गांगाग़ागा गांगाग़ा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : ओकार+ड़
--------------------------------------------------------------
प्यार तुझसे हुआ नहीं होता;
अश्कों का सिलसिला नहीं होता।
दिल को तोड़ो रखो करो कुछ भी;
प्यार में कुछ गिला नहीं होता।
कोई मजबूरी थी मुझे वरना;
यूं नज़र से गिरा नहीं होता।
कोई भी हाल में तू रख ले मुझे;
पर तू दिल से जुदा नहीं होता।
मैं कहां मैं हूं और दिल में मेरे;
कोई तेरे सिवा नहीं होता।
आती-जाती रहेगी ख़ुशियां मगर;
दर्द दिल से जुदा नहीं होता।
चल दिया इस जहां को छोड़के तू;
फिर भी दिल से जुदा नहीं होता।
सोच कर आता हूं मैं पास तेरे;
फिर भी तुझसे गिला नहीं होता।
मिट गए होते कबके हम तो सनम;
ग़म तेरा जो मिला नहीं होता।
जिसको ख़ुद पर ही इख़्तियार नहीं;
उसका कुछ भी भला नहीं होता।
हम-से दुनिया में और कितने हैं;
शेरों का काफ़िला नहीं होता।
छंद/बहर : गाल़गागां लग़ालगां लल़गा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : आकारांत
-----------------------------------------------
तन्हा मुझको रहने दो;
अपने ग़म को सहने दो।
दिल को दुखा कर तुम मेरे;
आंसू पोंछना रहने दो।
आपको भी पहचान लिया;
प्यार जताना रहने दो।
ख़त्म हुई जो आपकी बात;
अपनी भी कुछ कहने दो।
अब तक जिनको रोका था;
उन अश्कों को बहने दो।
दिल में दबी हैं कुछ बातें;
आज है मौक़ा कहने दो।
छंद/बहर : गांगाग़ागा गांगाग़ा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : अकार+हने
-------------------------------------------
देखा तुझे तो सोचूं कि है आफ़ताब क्या;
तू ही तू है जहां में तेरा है जवाब क्या।
मुद्दत के बाद आज हुए हैं जो रूबरू;
आंखें सवाल बन गई, देते जवाब क्या।
मेरा था जुर्म जिसकी सज़ा उनको मिल गई;
मेरे लिए है इससे ज़ियादा अज़ाब क्या।
हमने ‘उदय’ का नाम सुना था ग़ज़ल-गो में;
देखा जो हमने आज उसे, था रुआब क्या।
छंद/बहर : गागां लग़ालगां लल़गागां लग़ालगां
क़ाफ़िया-व्यवस्था : आकार+ब
----------------------------------------------------------------
टूट कर मैं बिखर गया यारों;
प्यार का अब असर गया यारों।
लोग अकसर मुझे सताते रहे;
इस जहां में जिधर गया यारों।
बात जब अपने बच्चों की थी तो;
होके मजबूर उधर गया यारों।
राह-ए-मंज़िल में ख़ार-ओ-पत्थर हैं;
जानता था मगर गया यारों।
सबने रोका मुझे बहुत था मगर;
फिर भी मैं था, उधर गया यारों।
छंद/बहर : गाल़गागां लग़ालगां लल़गा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : अकार+र
---------------------------------------------------------
आज फिर मैंने तुझे याद किया;
अपने ज़ख्मों को यूं आबाद किया।
ज़िन्दगी का ये सिला रास नहीं;
साथ मेरे तुझे बरबाद किया।
उसने तौहीन-ए-मुहब्बत की है;
जिसने भी शिकवा-ओ-फ़रियाद किया।
तुम मुझे भूल गए शिकवा नहीं;
मैंने भी तुमको कहां याद किया।
ख़ुश रहे तू है दुआएं मेरी;
ज़िन्दगी से मेरी आज़ाद किया।
छंद/बहर : गाल़गागां लल़गागां लल़गा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : आकार+द
------------------------------------------------
तेरे बिना भी जी लेंगे;
आंसूओं को पी लेंगे।
आंख हमारी नम होगी;
नाम तेरा जब भी लेंगे।
दिल से आह जो निकले तो;
अपने लबों को सी लेंगे।
तुमको मिले ख़ुशियां सारी;
ग़म का ज़हर हम पी लेंगे।
तेरे ग़म के ज़हर को हम;
लब को हंसा कर पी लेंगे।
ख़ुशियां जब मुमकिन ही नहीं;
ग़म को सजा कर जी लेंगे।
तेरे रूप की ये मदिरा;
आंखों से हम पी लेंगे।
छंद/बहर : गांगाग़ागा गांगाग़ा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : ईकारांत
----------------------------------------------
तू ही तू दिल में सुब्ह-ओ-शाम आया;
ज़िन्दगी जीने का मज़ा पाया।
तेरे दम से है रोशनी दिल में;
तुझसे रोशन ये सब जहां पाया।
ज़िन्दगी में ख़ुशी या ग़म जो मिले;
हमने बस तेरा गीत ही गाया।
अब ख़ुशी और ग़म हुए बेअसर;
ख़ुद को भूला तो ये मक़ाम आया।
तुझसे बिछड़ा हूं पर नहीं तन्हा;
तेरा ग़म मेरे साथ-साथ आया।
छंद/बहर : गाल़गागां लग़ालगां लल़गा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : आकार+या
----------------------------------------------------
तुझसे मिलने के लिए लाख बहाने निकले;
इक बहाने को सजाने में ज़माने निकले।
तुझको सोचूं तो जहां में नज़र आए तू ही तू;
ज़र्रे-ज़र्रे में भी तेरे ही फ़साने निकले।
मेरे अहबाब मेरे ग़म में क्यूं होते हैं शरीक;
क्या ये सब और मेरे दिल को दुखाने निकले।
मेहरबां होते नहीं और उड़ाते हैं मज़ाक़;
मेरे अपने मेरी ग़ुरबत में सताने निकले।
मैंने पूछा जो न आने का सबब तो यूं हुआ;
बात मुझसे वो छुपाने के बहाने निकले।
छंद/बहर : गाल़गागां लल़गागां लल़गागां लल़गा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : आकार+ने
------------------------------------------------------------------
मुहब्बत मैं सभी से कर रहा हूं;
मैं जुर्माना उसीका भर रहा हूं।
कहीं मुझको सज़ा-ए-मौत ना हो;
तभी सच कहने से मैं डर रहा हूं।
उसी को देख कर मैं जी रहा हूं;
जिसे मैं देख कर ही मर रहा हूं।
किसी के दीद का अब है ये आलम;
न जीता हूं न तो मैं मर रहा हूं।
मुझे वो ऐब मेरे ही गिनाए;
भरोसा मैं उसी पर कर रहा हूं।
दिखाता है वो मुझको राह हरदम;
मैं अपना काम कब ख़ुद कर रहा हूं।
छंद/बहर : लग़ागागां लग़ागागां लग़ागा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : अकार+र
---------------------------------------------------------
ज़ख़्म पुराने भूल भी जाएं, आया है फिर साल नया;
देखें क्या-क्या रंग दिखाए, आया है फिर साल नया।
क्या-क्या रंज-ओ-ग़म में बीते, गुज़रे हुए वो पिछले साल;
फिर भी दिल है, आस लगाए, आया है फिर साल नया।
प्यार से पेश आ कर तो देखो, दोस्त सभी है दुनिया में;
आओ सबको गले लगाएं, आया है फिर साल नया।
चैन-ओ-अमन फैलाएं जग में, बांटें सबको प्यार ही प्यार;
धरती को ही स्वर्ग बनाएं, आया है फिर साल नया।
मन की मैल को धो कर अपने दिल को इक मंदिर कर दें;
आदमियत की मूर्ति सजाएं, आया है फिर साल नया।
छंद/बहर : गांगाग़ागा गांगाग़ागा गांगाग़ागा गांगाग़ा
क़ाफ़िया-व्यवस्था : आकार+ए
---------------------------------------------------------------------