प्री-ब्राइडल ट्रीटमेंट खूबसूरती निखारने में बड़ी भूमिका अदा करता है। इससे त्वचा का कसाव बढ़ता है और वह चमकदार बनती है। अगर आप भी दमकता रूप चाहती हैं तो जरूरी है कि शादी से पहले प्री-ब्राइडल करवाएं और चांद सी चमकने के लिए तैयार हो जाएं।
प्री-ब्राइडल पैकेज का भी रखें खास ख्याल
आप एक महीने पहले अपने स्पा और सैलून से पैकेज ले सकती हैं। लेकिन ध्यान रखें कि आपके प्री-ब्राइडल पैकेज में दो फेशियल, दो हेयर स्पा, दो बॉडी स्पा, दो मेनीक्योर और पेडिक्योर होने के साथ ही शादी से दो दिन पहले पूरा बॉडी वैक्स, थ्रेडिंग, बॉडी स्पा आदि सब कुछ हो। याद रखें कि वैक्सिंग, ब्लीचिंग और आई ब्रोज शादी के दो या तीन दिन पहले ही करवाएं ताकि अगर इसके कारण दाने निकलें या रैशेज हों, तो उन्हें ठीक होने के लिए वक्त मिल सके। कहीं-कहीं प्री-ब्राइडल ट्रीटमेंट के दौरान फोटो भी ली जाती है। इसका फायदा यह होता है कि भावी दुल्हन को उनकी त्वचा और लुक में आए बदलाव का विश्लेषण करने का मौका मिल जाता है। इससे शादी से पहले ही यह पता लगाने में भी मदद मिलती है कि वह शादी के दिन कैसी दिखेगी। जरूरत और मांग के अनुसार पैकेज की समय सीमा तय होती है। ब्यूटी सेंटर्स में 5 दिन से 2 महीने तक के पैकेज मौजूद हैं। जो दो महीने का प्री-ब्राइडल मेकअप ट्रीटमेंट लेना चाहती हैं, उन्हें सबसे पहले महीने में 15 दिन के अंतराल में दो बार ट्रीटमेंट करवाने के लिए आना होता है। फिर 10 दिन के अंतराल में दो बार और फिर दस दिनों तक रोजाना ट्रीटमेंट दिया जाता है। पर्याप्त समय है तो दो महीने का पैकेज लें। लेकिन जिनके पास समय काफी कम होता है, उन्हें 5 दिन का स्पेशल पैकेज ऑफर किया जाता है, इसमें रोजाना ट्रीटमेंट दिया जाता है।
तक सफाई हो जाती है।
फेशियल चुनें सोच-समझकर
आजकल ब्यूटी क्लीनिक्स में फेशियल की कई वेरायटी उपलब्ध हैं। अपनी ब्यूटीशियन से सलाह-मशविरा करके अपने लिए वही फेशियल चुनें, जो आपकी त्वचा की प्रकृति के लिए सबसे अच्छा हो। विवाह, समारोह के समय गोल्ड, डायमंड व पर्ल फेशियल ज्यादा फायदेमंद होते हैं। हर्बल और फ्रूटक्रीम वाला फेशियल भी ठीक होता है। चाहें तो क्रीम के साथ आप एप्पल, स्ट्रॉबेरी, पीच और खीरा का जूस भी मिलवा सकती हैं। इससे त्वचा को जरूरी पोषक तत्व मिल जाएंगे और त्वचा अधिक निखरी-निखरी दिखेगी।
वैक्सिंग को भी पैकेज में शामिल करवाएं
प्री-ब्राइडल पैकेज में वैक्सिंग का विकल्प भी होता है। ऐसे में वैक्सिंग वहीं से करवाएं। अपनी शादी से कम-से-कम दो-तीन दिन पहले वैक्सिंग जरूर करवा लें।
मेनीक्योर और पेडीक्योर भी है जरूरी
किसी प्री-ब्राइडल पैकेज में मेनीक्योर और पेडिक्योर होता है, तो किसी में नहीं। अधिकांश लड़कियां मेनीक्योर, पेडीक्योर अपने नियमित पार्लर से ही करवाना पसंद करती हैं। पर, आप अपने प्री-ब्राइडल पैकेज में इसे भी शामिल करवाएं।
नाखूनों का रखें ख्याल
नाखूनों की देखभाल और उन्हें लंबा करने का यही सही समय है। रात को सोने से पहले हाथ-पैर पर मॉइस्चराइजर लगाना ना भूलें। क्लींजिंग और टोनिंग के बाद मॉइस्चराइजर युक्त क्रीम जरूर लगाएं। आप शादी से ठीक एक सप्ताह पहले नेल एक्सटेंशन भी करवा सकती हैं ताकि यदि एलर्जी हो जाए तो आपके पास नेल्स उतरवाने का पूरा समय हो। नियमित मेनिक्योर और पेडिक्योर आपके हाथ, पैर और नाखूनों को मुलायम और चमकदार रखता है। बिस्तर पर जाने से पहले अपनी थकावट को दूर करने के लिए नमक वाले गर्म पानी में अपने पैर भिगोएं। शादी के दिन मेकअप के दौरान ब्राइडल नेल आर्ट करवाएं। आजकल दुल्हन की ज्वेलरी और आपके कपड़ों की कारीगरी से मैच होते नेल आर्ट का खास चलन है।
ब्लीच को न करें अनदेखा
अगर पहली बार ब्लीच का प्रयोग करना है तो पहले उसे त्वचा के एक खास हिस्से पर पर टेस्ट कर लें, क्योंकि ब्लीच से कई बार संवेदनशील त्वचा पर एलर्जी हो जाती है। टेस्ट कराने के बाद अगर त्वचा पर कोई नकारात्मक असर न हो तो शादी से कम से कम 15 दिन पहले ब्लीच करवाएं।