राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का परिचय, संघ के पूर्व प्रचार प्रमुख और प्रवक्ता मा.गो. वैद्य जी द्वारा लिखित इस लघु पुस्तिका में संघ संस्थापक डॉ.केशव बलिराम हेडगेवार जी के व्यक्तित्व और उनके सार्वजनिक जीवनानुभव से लेकर संघ स्थापना, नामकरण, कार्य, आयाम इत्यादि का विस्तृत वर्णन है |अंग्रेजी में यह Understanding RSS नाम से उपलब्ध है |
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का दृष्टिकोण नाम से हिंदी में और About RSS नाम से अंग्रेजी में प्रकाशित पुस्तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर और विजय क्रांति द्वारा सम्पादित हैं, इनमें संघ के परिचय के साथ संघ और महात्मा गाँधी, बम्बई विधानसभा में संघ पर बहस, महिला सम्मान और सशक्तीकरण, मुसलमानों के विषय में संघ का मत, ईसाइयों के विषय में संघ का मत इत्यादि पठनीय अध्याय हैं |
संवर्धिनी नामक पुस्तक अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर जी द्वारा संपादित है जिसमें महिला विषयक भारतीय दृष्टिकोण को अभिव्यक्त करने वाले विचार दर्शन को अभिव्यक्त किया है | भारतीय संस्कृति और परंपरा में नारी के सम्मान की अक्षुण परंपरा, हिन्दू परिवार व्यवस्था में प्रमुख भूमिका के साथ जीवन व्यवहार के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं का योगदान और उनको सबल बनाने के प्रयत्न की चर्चा है |
भारत की भारतीय अवधारणा, अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर जी द्वारा सम्पादित इस पुस्तक में हिन्दू विचार, राष्ट्र की अवधारणा, अर्थ, इतिहास और संस्कृति अध्ययन जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों पर वैचारिक विमर्श प्रस्तुत किया गया है |
भारत के राष्ट्रत्व का अनंत प्रवाह पुस्तक वरिष्ठ प्रचारक और पूर्व बौद्धिक प्रमुख रंगा हरि जी ने लिखी है ,जिसमें वैदिक राज्यव्यवस्था और महाभारतकालीन शासन व्यवस्था से लेकर राष्ट्रत्व के अर्वाचीन सूक्तों का भी तथ्यपरक और प्रभावपूर्ण शैली में सविस्तार वर्णन है |