उत्कर्ष द्विवेदी, बिलासपुर हिम लाइव 24 न्यूज
रक्तदाताओं के प्रेरणा स्रोत, व्यास रक्तदाता समिति के पूर्व अध्यक्ष व सैंकड़ों जिंदगियां बचाने वाला समाजसेवी कर्ण चंदेल अनंत यात्रा पर निकल गए। 100 से अधिक बार रक्तदान कर चुके कर्ण चंदेल (43) का बुधवार सुबह निधन हो गया। कर्ण चंदेल का बुधवार को लुहणू घाट के मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर जिला बिलासपुर की कई नामी हस्तियों, सामाजिक संस्थाओं और पत्रकार-साहित्यकारों ने उनको अंतिम विदाई दी। उनकी अंतिम यात्रा पर सदर विधायक त्रिलोक ज वाल, पूर्व सांसद सुरेश चंदेल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव विकास ठाकुर, राज्य पत्रकार महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार पंडित जय कुमार, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान, प्रदेश कांग्रेस पूर्व मीडिया कॉडिनेटर संदीप सांख्यान व डॉक्टर ऋषि टंडन सहित सैंकड़ों लोग उपस्थि रहे। कर्ण चंदेल के निधन पर बिलासपुर गमगीन है। बताया जा रहा है कि कर्ण चंदेल की तबीयत खराब हो गई। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए। लेकिन, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कर्ण चंदेल वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार कुलदीप चंदेल के एकलौते पुत्र थे। वास्तविक समाजसेवी करण चंदेल यूं तो हर क्षेत्र में जन सेवा से जुड़े थे। लेकिन रक्तदान में वे जिला के एकलौते कर्ण थे। स्वयं सौ से ज्यादा बार रक्तदान कर चुके कर्ण बिलासपुर की नहीं बल्कि प्रदेश के अन्य जिलों के साथ चंडीगढ़, दिल्ली जैसे स्थानों पर भी जरूरतमंदों को खून उपलब्ध करवाते थे। बिलासपुर के जिला अस्पताल और ए स में जब भी किसी को रक्त की आवश्यक्ता पड़ती तो सबसे पहले कर्ण चंदेल का ही नाम आता था, खास बात यह थी कि वे किसी भी जरूरतमंद को निराश नहीं लौटाते थे। हर पीडि़त की मदद करना उनकी आदत और दिनचर्या में शुमार था। शुरूआती दिनों में वे पत्रकारिता से भी जुड़े रहे, इसके अलावा इवेंट मैनेजमेंट और अन्य कार्यों में जुटे रहते थे। वर्तमान में वे सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा चलाई गई सांसद एंबुलेंस सेवा में बतौर प्रतिनिधि अपनी सेवाएं दे रहे थे। मिलनसार एवं मृदृभाषी कर्ण चंदेल के निधन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर, कैबीनेट मंत्री राजेश धर्माणी, विधायक सदर त्रिलोक जम्वाल, विधायक श्री नयना देवी जी रणधीर शर्मा, विधायक झंडूता जेआर कटवाल, पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुरए, राजेंद्र गर्ग, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, तिलक राज शर्मा, डा. बाबू राम गौतम, कश्मीर सिंह ठाकुर, डा. बीरू राम किशोर, पूर्व महासचिव पीसीसी विवेक कुमार, राज्य सहकारी बैंक के निदेशक सुनील शर्मा, जिला परिषद सदस्य गौरव शर्मा, जिला पत्रकार संघ प्रधान राम सिंह व जिला क्रिकेट संघ बिलासपुर विशाल जगोता, प्रेस क्लब बिलासपुर अध्यक्ष सरोज पाठक सहित अन्यों ने गहरा शोक व्यक्त कर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
बॉक्स :
जगत प्रकाश नड्डा ने जताया शोक
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप चंदेल के पुत्र कर्ण चंदेल के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। जगत प्रकाश नड्डा ने संतप्त परिवार के साथ गहरी संवेदन जताई है।
सुक्खू सरकार में हाशिये पर हैं कांग्रेस के दोनों नेता, राजनीतिक कैरियर खत्म होने का सता रहा डर
अंजना देवी हिम लाइव 24 न्यूज
कांग्रेस नेताओं द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर लगाए गए आरोपों को लेकर पार्टी के विधायकों ने आक्रामक ढंग से पलटवार किया है। नयनादेवी के विधायक रणधीर शर्मा और सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर ने एम्स के शिलान्यास को रेत-बजरी के पूजन की नौटंकी करार दिया था, जबकि पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने इसके उद्घाटन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को काले झंडे दिखाने की अनुमति मांगी थी। जाहिर है कि कांग्रेस के नेता चाहते ही नहीं थे कि बिलासपुर में एम्स बने। बेहद कम समय में एम्स की सफलता को वे लोग पचा नहीं पा रहे हैं। उनकी बयानबाजी से यह भी स्पष्ट हो रहा है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने के बावजूद उन्हें पूछा तक नहीं जा रहा है। यही वजह रही कि आपस में छत्तीस का आंकड़ा रखने वाले इन नेताओं को हाथ मिलाने का दिखावा करने पर मजबूर होना पड़ा है।
रणधीर शर्मा व त्रिलोक जमवाल ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा जब भी बिलासपुर आते हैं, वह अपने गृह जिला को हमेशा कोई न कोई बड़ी सौगात देकर जाते हैं। कोठीपुरा में रिकाॅर्ड समय में बनकर तैयार हुए एम्स का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जेपी नड्डा और सांसद अनुराग ठाकुर को जाता है। कांग्रेस का इसमें कोई योगदान नहीं है। वीरभद्र सरकार के समय तो केवल इसमें अड़ंगे अटकाने का काम किया गया। दो दिन पहले बिलासपुर आए जेपी नड्डा ने जहां लगभग 25 करोड़ की लागत से स्थापित पैट सीटी व स्पैक्ट सीटी स्कैनर का शुभारंभ किया, वहीं 30 करोड़ से रीजनल वीआरडीएल, 13.57 करोड़ से विश्राम सदन, देश की 225वीं अमृत फार्मेसी तथा 4.90 करोड़ से बनने वाले इंडोर स्टेडियम का शिलान्यास भी किया। इन सुविधाओं से बिलासपुर व हिमाचल के अन्य जिलों के साथ ही पड़ोसी राज्यों के लोग भी लाभांवित होंगे। बिलासपुर में एम्स के तेजी से हो रहे विकास व विस्तार से कांग्रेस नेता बौखला गए हैं। बौखलाहट में आधारहीन बयानबाजी करके वे जनता के बीच हंसी के पात्र बन रहे हैं।
रणधीर शर्मा व त्रिलोक जमवाल ने कहा कि पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर ने पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर खनन, वन व नशा माफिया को संरक्षण देने के साथ फोरलेन में लगभग 200 करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया था। एक-दूसरे को फूटी आंख तक नहीं सुहाने वाले इन दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से छत्तीस का आंकड़ा चल रहा है। अब दोनों एक सुर में जेपी नड्डा पर मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं। रामलाल ठाकुर हिमाचल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं, लेकिन उन्होंने एक बार फिर से उस व्यक्ति को गले लगाया है, जो बिलासपुर में हर तरह के माफियाराज का संरक्षक होने के साथ ही दिनदहाड़े गोलीकांड की घटना में भी संलिप्त रह चुका है। इससे जहां यह जाहिर हो रहा है कि सुक्खू सरकार में दोनों नेता हाशिये पर हैं, वहीं ऐसा भी लग रहा है कि नयनादेवी और सदर विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस को नए चेहरों की तलाश है। राजनीतिक कैरियर खत्म होने के डर ने वह आपस में हाथ मिलाने का दिखावा कर रहे हैं। बिलासपुर के उपायुक्त को मुख्यमंत्री सुक्खू की गुड बुक में गिना जाता है, लेकिन इन दोनों नेताओं ने उन्हें लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रबंधन के लिए मिले नेशनल अवार्ड पर भी सवाल उठाए हैं। इससे उनके आरोपों की सच्चाई का अंदाजा लगाया जा सकता है। जहां तक भाजपा के कार्यालयों की बात है तो पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं और समर्थकों के सहयोग से जमीनें खरीदकर इनका निर्माण किया जा रहा है। कांग्रेस की तरह शिमला में सब्जी मंडी की जमीन या बिलासपुर में भाखड़ा विस्थापितों को दी जाने लायक भूमि पर भाजपा अपने कार्यालय नहीं बना रही है। इन दोनों नेताओं ने जेपी नड्डा पर भ्रष्टाचार के झूठे आरोप लगाने के साथ ही उनके परिवार के सदस्यों के बारे में भी भ्रामक प्रचार किया है। या तो उन्हें इन आरोपों के प्रमाण देने चाहिए, या फिर सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए।